#हादसा
September 13, 2025
हिमाचल : खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, मौके पर बुझ गए दो घरों के चिराग- मची चीख पुकार
चौपाल उपमंडल की तहसील नेरवा में घटी घटना
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों में जान गंवाने वाले युवाओं का आंकड़ा बढ़ता हुआ रिपोर्ट किया जा रहा है। आए दिन कोई ना कोई सड़क हादसे का शिकार हो रहा है। इसी कड़ी में ताजा मामला प्रदेश के शिमला जिले से सामने आया है, जहां पर एक बोलेरो कैंपर हादसे का शिकार हो गई है। इस हादसे में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शिमला के चौपाल उपमंडल की तहसील नेरवा में बीती देर रात एक बोलेरो कैंपर नंबर HP 08A-2578 अचानक नियंत्रण खो बैठी और दियालडी सड़क से करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें : केरल में बोले मंत्री विक्रमादित्य: हिमाचल को हम 2040 तक बनाएंगे क्लाइमेट पॉजिटिव स्टेट
घटना रात लगभग 12:40 बजे की है, जब दोनों युवक नेरवा बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन दियालडी के समीप पहुंचा, गाड़ी अचानक सड़क से नीचे जा पलटी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर शवों को खाई से बाहर निकालने में सहयोग किया। बाद में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नेरवा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए अगले 48 घंटे भारी- गर्जन के साथ बरसेंगे बादल, येलो अलर्ट जारी
मृतकों की पहचान प्रज्वल उर्फ गोलू तंगड़ाईक (28 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश तंगड़ाईक और मनोज उर्फ जोंटी बणाईक (27 वर्ष), पुत्र केदार सिंह बणाईक के रूप में हुई है। दोनों युवक दियालडी गांव के निवासी थे और अविवाहित थे। बताया जा रहा है कि प्रज्वल पिकअप वाहन चलाने का काम करता था, जबकि मनोज बागवानी में सक्रिय था और सेब की खेती करता था।
नेरवा थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि गाड़ी में केवल यही दो युवक सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति हादसे की चपेट में तो नहीं आया।
यह भी पढ़ें : लोगों के कंधों पर सुक्खू सरकार के दावे, 10 KM पालकी में डाल अस्पताल पहुंचाई बीमार महिला
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान है कि वाहन तेज रफ्तार या अचानक अनियंत्रण के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ होगा।