#विविध
November 7, 2025
हिमाचल : छुट्टी से ड्यूटी पर लौटते ही थमी जवान की सांसें, आज घर पहुंचेगी पार्थिव देह
4 नवंबर को ही घर से गए थे चमन लाल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश ने महज चार दिनों में अपने तीन वीर जवानों को खो दिया है। तीनों जवानों में से दो का निधन छुट्टी के दौरान हुआ है। जबकि, एक ने छुट्टी से ड्यूटी पर लौटते ही प्राण त्याग दिए हैं। अचानक हुई जवानों की मौत के बाद- तीनों जवानों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ताजा मामला कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल से सामने आया है। यहां बलसूं दरकाटा पंचायत का रहने वाला 55 वर्षीय SSB जवान चमन लाल पश्चिम बंगाल में शहीद हो गया है। चमन लाल का निधन ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने के कारण हुआ है।
परिजनों ने बताया कि चमन लाल हाल ही में छट्टियां बिताने घर आए हुए थे। बीती 4 नवंबर को ही वो छुट्टी खत्म कर वापस ड्यूटी पर गए थे। शाम करीबह 4 बजे चमन लाल ड्यूटी पर पहुंचे और उसके करीब एक घंटे के बाद चमन लाल को सीने में तेज दर्द होने लगा।
चमन लाल ने इस बाबत अपने साथियों को बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सीने में बहुत दर्द हो रही है और बेचैनी सी हो रही है। इससे पहले ही उनके साथी उन्हें अस्पताल पहुंचा पाते- उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इसके बाद साथियों ने चमन के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन स्तब्ध रहे गए। चमन के देहांत के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। चमन लाल की अचानक हुई मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
चमन लाल अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। चमन लाल के बेटे की अभी शादी नहीं हुई है। जबकि, दोनों बेटियां विवाहित हैं। चमन का परिवार पिछले तीन दिन से उनके अंतिम दर्शन करने का इंतजार कर रहा है।
बताया जा रहा है कि आज उनकी पार्थिव देह पहुंच जाएगी। जहां पर कुछ देर रखने के बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। SSB की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा।
विदित रहे कि, बीती 4 नवंबर को जहां मंडी जिले के रहने वाले कर्नल तेजेंद्र सिंह पंचतत्व में विलीन हुए। वहीं, कल बिलासपुर जिले के 45 वर्षीय CRPF जवान मुख्तयार सिंह को उनके परिवार ने अंतिम विदाई दी।
विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट अटैक के लक्षण तीन-चार महीने पहले ही दिखने लग जाते हैं।