#अपराध
June 23, 2026
हिमाचल : चिट्टे का फैमिली बिजनेस, दीदी-जीजा संग तस्करी करती थी युवती, पुलिस ने किए अरेस्ट
पुलिस ने घर से बरामद किया ढेर सारा चिट्टा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कांगड़ा जिले के नूरपुर में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है।
मामले में पुलिस टीम ने एक युवती, उसकी बहन और जीजा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर अपने घर से ही नशे के कारोबार को संचालित कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, CIA नूरपुर की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान ठाकुरद्वारा-मिलवां मार्ग पर स्थित तमोता रेलवे फाटक के पास पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई।
सूचना में बताया गया कि गांव तमोता की एक युवती अपनी बहन और जीजा के साथ मिलकर इलाके में चिट्टे की सप्लाई कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छापेमारी की तैयारी शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने स्थानीय गवाहों को साथ लेकर संबंधित मकान पर दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को संदिग्ध सामग्री मिली। जब विस्तृत जांच की गई तो वहां से 39.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मौके पर मौजूद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी आपस में पारिवारिक रिश्ते में हैं और प्रारंभिक जांच में नशे के कारोबार से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। पुलिस टीम तीनों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना इंदौरा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं हो सकता। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल रिकॉर्ड और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हिमाचल को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस टीम पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। जगह-जगह पर नाकाबंदी और छापेमारी पर नशा तस्करों को पकड़ा जा रहा है। इस कारोबार में संल्पित किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से बचाने में सामूहिक सहयोग मिल सके।