#हादसा
December 15, 2025
हिमाचल : तेज रफ्तार कार चालक ने मासूम पर चढ़ा दी गाड़ी, निकले प्राण- पैदल जा रही थी बेचारी
अस्पताल भी नहीं पहुंच पाई बेचारी, रास्ते में ही तोड़ा दम
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कोठी के पास एक सड़क हादसे में सात साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। बच्ची की मौत के बाद उसके माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे में बच्ची को कई गंभीर चोटें आई- जिसके कारण वो अस्पताल भी नहीं पहुंच पाई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आज दोपहर को बच्ची का अंतिम संस्सकार किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलोंन मंडल गांव बिलासपुर की रहने वाली 7 वर्षीय तृषा कल सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार नंबर HP 01D-7500 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर AIIMS बिलासपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद तृषा को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। लोगों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए और हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP बिलासपुर शिव चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और चालक द्वारा यातायात नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फोरलेन पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है।