#अपराध

January 20, 2026

हिमाचल: दो युवा लाखों के चिट्टे संग धरे, अपने ही आसपास के युवकों को बना रखा था ग्राहक

85.80 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ दो युवक गिरफ्तार

शेयर करें:

Mandi Chitta News

मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशे का जाल अब केवल बड़े तस्करों तक सीमित नहीं रह गया है। नशे की लत, बेरोजगारी और आसान कमाई के लालच ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को भी इस दलदल में धकेल दिया है। पहले नशे की आदत और फिर नशा खरीदने के लिए पैसों की कमी, अब कई युवाओं को नशा तस्करी की राह पर ले जा रही है। यही वजह है कि आए दिन प्रदेश में नशा तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें पकड़े जाने वाले अधिकतर आरोपी कम उम्र के युवा होते हैं।

मंडी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जिला पुलिस और एसटीएफ ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 85.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू की दो टूक: कैबिनेट में नए लोगों को मिलेगा मौका; परफार्मेंस पर होगा फेरबदल

नेरचौक में कार से पकड़ी गई भारी खेप

पहला मामला पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत सामने आया है। पुलिस टीम ने 19 जनवरी की रात नेरचौक क्षेत्र में गश्त के दौरान एक सफेद रंग की कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से 74.80 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही कार चालक अब्दुल मोमिन पुत्र मोहम्मद अलीए निवासी गांव डीनक डाकघर कनैड तहसील सुंदरनगर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना बल्ह में अभियोग दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटे की फोन पर हुई बहस, कमरे में उठाया गलत कदम- लड़की की गिरफ्तारी पर अड़ा परिवार

धनोटू में नाकाबंदी के दौरान युवक गिरफ्तार

दूसरा मामला धनोटू थाना क्षेत्र का है, जहां एसटीएफ सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान अक्षय पुत्र कृष्ण चंद निवासी डाकघर जुगाहन तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें : विश्व भर में चमका हिमाचल- सबसे बड़ा फार्मा हब बनकर उभरा, दुनिया को दे रहा हर तरह की दवा

युवा पीढ़ी का नशा तस्करी की ओर झुकाव

इन मामलों ने एक बार फिर इस गंभीर सच्चाई को उजागर कर दिया है कि प्रदेश में नशा अब केवल बाहरी तस्करों या संगठित गिरोहों तक सीमित नहीं रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय युवा भी इस अवैध कारोबार का हिस्सा बनते जा रहे हैं। पहले नशे की लत और बाद में पैसों की जरूरत, युवाओं को नशा तस्करी की ओर धकेल रही है। यही कारण है कि पुलिस द्वारा पकड़े जाने वाले आरोपियों में अधिकतर युवा शामिल होते हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों ने राज्यपाल को सेबों से तौला: जानिये क्यों किया गया ऐसा..

पुलिस की सख्त चेतावनी

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अभियोग पंजीकृत कर लिए गए हैं और आगामी जांच जारी है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिला मंडी में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख