#अपराध
May 4, 2025
हिमाचल: चलती बोलेरो से कूद गई दो युवतियां, ली थी लिफ्ट; चालक ने किया अपहरण का प्रयास !
मध्यप्रदेश से हिमाचल के धर्मशाला घूमने आई थी दोनों युवतियां
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां दो लड़कियों के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। हालांकि लड़कियों ने चलती गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचा ली। चलती गाड़ी से कूदने के कारण दोनों लड़कियां घायल हुई हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों लड़कियां मध्यप्रदेश से यहां घूमने आई थीं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल यह मामला कांगड़ा जिला के धर्मशाला की कोतवाली बाजार का है। यहां बीती रात को मध्य प्रदेश से घूमने आई दो युवतियों ने एक बोलेरो गाड़ी के चालक से लिफ्ट ली थी। लेकिन चालक ने तय स्थान पर लड़कियों को उतारने के बजाय गाड़ी को भगाने का प्रयास किया। हालांकि लड़कियों ने चालक को गाड़ी रोकने और उन्हें उतारने को भी कहा, बावजूद इसके चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे और तेज भगाने लगा।
गाड़ी के चालक की इस हरकत पर दोनों लड़कियों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी। जिसे देखते हुए दोनों लड़कियां चलती बोलेरो से कूद गईं। यह घटना शनिवार की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। बोलेरो गाड़ी पर एचपी गवर्नमेंट लिखा था। गाड़ी से पहले एक लड़की ने छलांग लगाई और कुछ ही क्षण बाद दूसरी लड़की ने भी छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
गाड़ी से छलांग लगाने के चलते दोनों लड़कियां घायल हो गई। कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के सदस्यों ने दोनों युवतियों को जोनल अस्पताल पहुंचाया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवतियों से पूरी घटना की जानकारी ली और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। गाड़ी के चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : IGMC में पिता का इलाज करवाने आए थे भाई-बहन, रात को सोए-सोए हो गया 'कांड'
बता दें कि देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल में आए दिन महिलाओं और युवतियों के शारीरिक शोषण के मामले सामने आ रहे हैं। कई बार छोटी उम्र की लड़कियों को शातिर युवक बहला फुसला कर अपने झूठे प्यार के जाल में फांस लेते हैं और उनके साथ दुष्कर्म करते हैं। वहीं कई इन युवतियों को अपने साथ भगा कर ही ले जाते हैं।