#अपराध
January 8, 2026
पंजाब में महिला की ह@त्या कर हिमाचल के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गए आरोपी, ऐसे धरे
हिमाचल और पंजाब पुलिस ने मिलकर पकड़े दोनों आरोपी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश की शांत वादियां अब अपराधियों के लिए ढाल बनती जा रही है। दूसरे राज्यों में जघन्य वारदातों को अंजाम देने के बाद आरोपी यहां आकर छिपने लगे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला अब ऊना जिले से सामने आया है, जहां पंजाब में हुई एक सनसनीखेज हत्या के आरोपियों को छिपे होने के दौरान दबोचा गया। पंजाब और हिमाचल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन दोनों हत्या आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार तीन जनवरी को पंजाब के कपूरथला में दो लोगों ने एक घर में घुस कर महिला की निर्मम हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और हिमाचल के ऊना जिला में आ गए। पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपी यहां एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गए थे। पंजाब पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अब हिमाचल पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गगरेट के एक नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खुले आसमान के नीचे लंगर चला रहे वेहले बॉबी, अस्पताल ने नहीं दी जगह- हाईकोर्ट ने लगाई फटकार
महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पंजाब और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की। बुधवार देर रात कपूरथला सिटी थाना की पुलिस टीम ने हिमाचल पुलिस के सहयोग से ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में स्थित लालूवाल के एक नशा मुक्ति केंद्र पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान हत्या के मामले से जुड़े दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान बलविंद्रजीत सिंह उर्फ तोता, निवासी गांव कपूर (जालंधर) और सुरिंद्र कुमार, निवासी गांव मैहदवाणी (होशियारपुर) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नशा मुक्ति केंद्र में छिपकर रह रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस उन्हें आगे की जांच के लिए अपने साथ ले गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के ड्राइवर ने स्कूल बस में मासूम संग की नीचता, कोर्ट ने सुनाई 25 साल की सजा
यह मामला 3 जनवरी की शाम का है, जब कपूरथला शहर के सीनपुरा मोहल्ले में दो बाइक सवार युवकों ने एक महिला के घर में जबरन घुसकर फायरिंग कर दी। इस हमले में 40 वर्षीय हेमप्रीत कौर उर्फ हेमा को गोली लगी, जबकि अन्य गोलियां दहशत फैलाने के उद्देश्य से चलाई गईं। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार होते नजर आए। फुटेज के आधार पर उनके हुलिए की पहचान हुई। इसके बाद बाइक नंबर, मोबाइल फोन लोकेशन और ह्यूमन इंटेलिजेंस इनपुट के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार करता रहा इंतजार, घर लौटीं 3 युवकों की देह; चीख-पुकार से दहला इलाका
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका का पति और बेटा कनाडा में रहते हैं। इस कारण महिला घर पर अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। मामले की जांच अभी कई कोणों से की जा रही है, जिसमें आपराधिक रंजिश समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शांत और पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना क्यों बनता जा रहा है। कई मामलों में देखा गया है कि दूसरे राज्यों में बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपी हिमाचल के नशा मुक्ति केंद्रों या दूरदराज़ इलाकों में शरण लेते हैं। पुलिस अब ऐसे केंद्रों पर भी कड़ी नजर रखने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक का म*र्डर: प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने आया था प्रेमी, गांव वालों ने छीन ली सांसें
ऊना के एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कपूरथला में दर्ज महिला हत्या मामले के वांछित आरोपियों को हरोली क्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्र से हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय अपराधों को रोकने के लिए पंजाब और हिमाचल पुलिस के बीच समन्वय और मजबूत किया जा रहा है।