#अपराध
March 7, 2025
ऑर्केस्ट्रा में पुलिस की रेड़, तीन हिमाचली लड़कियां की रेस्क्यू; दास्तां सुन कांप गई रूह
16 और 17 साल की लड़कियों के साथ स्टेज पर होता था गंदा खेल
शेयर करें:

नालांदा/शिमला। हिमाचल प्रदेश की तीन लड़कियों से पड़ोसी राज्य में ऑर्केस्ट्रा पर भद्दे और अश्लील गानों पर डांस करवाया जाता था। इतना ही नहीं डांस के दौरान लोग स्टेज पर चढ़कर इन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ भी करते थे और उन्हें गंदे तरीके से छूते थे। ऑर्केस्ट्रा में इन लड़कियों का जबरन शारीरिक शोषण किया जा रहा था। इन लड़कियों की आपबीत सुनने वालों की रूह कांप गई।
दरअसल बिहार के नालांदा में पुलिस ने आज शुक्रवार को एक ऑर्केस्ट्रा में रेड कर तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया। वहीं पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालक भोजपुर निवासी सन्नी राज को गिरफ्तार किया है। रेस्क्यू की गई यह तीनों ही लड़कियां हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। इन लड़कियों को बहला फुसला कर और पैसों का लालच देकर बिहार बुलाया गया और वहां पर उन्हें जबरन ऑर्केस्ट्रा में डांसर बना दिया। रेस्क्यू की गई दो लड़कियों की उम्र 17 साल जबकि एक की 16 साल है।
रेस्क्यू की गई हिमाचल की लड़कियों की आपबीती सुन कर पुलिस की भी रूह कांप गई। लड़कियों ने बताया कि उनसे जबरन ऑर्केस्ट्रा और पार्टियों में डांस करवाया जाता था। जहां पर कई बार स्टेज पर चढ़कर लोग उनके साथ छेड़छाड़ करते और उन्हें गलत तरीके से इधर उधर छूते थे। लड़कियों के अनुसार जब भी वह घर जाने की बात करती तो उन्हें पैसे चुकाने और नुकसान की भरपाई करने को कहा जाता था।
अपनी आपबीती सुनाते हुए एक लड़की ने बताया कि पांच माह पहले उसे घर से बाहर काम करने को कहकर लाया गया और फिर मुझे यहां पर छोड़ दिया। मैंने कई बार ठेकेदार को कहा कि मुझे घर जाना है, जहां मेरी मां और बहन मेरा इंतजार कर रही हैं। इसी बीच में एक बार बीमार भी हो गई। ऐसे में ठेकेदार ने कहा कि पहले अपने इलाज में खर्च हुए एक लाख चुका दे और उसके बाद घर चली जाना।
इसी तरह से दूसरी लड़की ने बताया कि मेरी एक लड़की से दोस्ती थी वह अकसर उससे फोन पर बात करती थी। उसी लड़की ने मुझे यहां बुलाया और कहा अच्छा काम है, ज्यादा डांस नहीं करना होता है और पैसे भी बहुत मिलते हैं। जब यहां आई यहां मुझसे ऑर्केस्ट्रा में डांस करवाने लगे। लड़की ने बताया कि इसी बीच मेरी मां की मौत हो गई, लेकिन फिर भी इन लोगों ने मुझे घर नहीं जाने दिया। लड़की ने बताया कि मैंने 14000 रुपए कमाए थे। जिसमें 2900 मेरे मालिक गुड्डू के पास है जो नहीं दे रहा। उसने काम भी करवाया और पैसे भी नहीं दे रहा।
पुलिस ने इन तीनों लड़कियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। तीनों ही लड़कियों ने घर जाने की इच्छा जाहिर की है। पुलिस इन लड़कियों को पहले बाल संरक्षण इकाई के समक्ष पेश करेगी और उसके बाद उन्हें उनके घर भेज दिया जाएगा। वहीं इस मामले में मिशन मुक्ति फाउंडेशन के डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़कियों को रखकर ऑर्केस्ट्रा में अश्लील डांस कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस में निष्कासितों को मिल रहे पद, CM सुक्खू ने बुद्धि सिंह को सौंपी मिल्कफेड की कमान
वीरेंद्र कुमार ने बताया कि हमने अपने सहयोगी संस्थान आइडिया से इस सूचना को वेरिफाई करवाया। जांच के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखा गया। मानवाधिकार आयोग ने एसपी नालंदा को लेटर भेजकर कार्रवाई में सहयोग करने की बात कही। जिसके बाद गुरुवार को ऑर्केस्ट्रा में रेड की गई और तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। गिरियक थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा संचालक सन्नी राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कमरे से शराब की बोतल भी मिली है।