#हादसा
March 6, 2025
हिमाचल : खेतों से पशुओं को हटाने गया था शख्स, परिजनों को कुएं में पड़ी मिली देह
9 साल की बच्ची ने खोया पिता
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। अंब उपमंडल में एक व्यक्ति की कुएं में गिरने के कारण मौत हो गई है। घटना के वक्त व्यक्ति खेतों में घुसे पशुओं को हटाने गया था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति दिहाड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी और 9 साल की बच्ची को छोड़ गया है। उसकी मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पति की मौत के बाद बेटी की पूरी जिम्मेदारी पत्नी के कंधों पर आ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते कल मैड़ी गांव में पेश आया है। मृतक संजीव कुमार (40) के परिजनों ने बताया कि संजीव सुबह खेतों में घुसे पशुओं को हटाने के लिए गया था। जहां से काफी देर तक वो घर वापस नहीं लौटा। ऐसे में परिजन उसे देखने के लिए खेतों की ओर गए, लेकिन संजीव वहां पर भी कहीं नहीं था।
परिजनों ने आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और संजीव को कई आवाजें भी लगाई, लेकिन संजीव का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से संजीव की तलाश शुरू की तो उन्हें घर से करीब 300 मीटर दूर संजीव कुएं में पड़ा हुआ मिला।
परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से संजीव को कुएं से बाहर निकाला। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना में संजीव की मौत हो चुकी थी। संजीव की लाश मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुहंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए SHO अंब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगामी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।