#अपराध
February 21, 2026
हिमाचल : कार में चिट्टे की खेप सप्लाई करने निकले थे दो यार, पुलिस को देख छूटे पसीने
कार में चिट्टे की खेप के साथ दो लोग गिरफ्तार
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में जिला चंबा के सलूणी क्षेत्र में पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए चिट्टे की खेप बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पहाड़ी जिलों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर समाज में गहरी चिंता जताई जा रही है।
पुलिस की टीम ने शनिवार दोपहर पठानकोट-चौहड़ा-सुंडला मार्ग पर तलेरू के पास नियमित जांच अभियान चला रखा था। दोपहर करीब एक बजे एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 10.08 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल भारद्वाज और मोहिंद्र सिंह उर्फ धौनी के रूप में हुई है, जो चुराह तहसील के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब पुलिस की नजर इस बात पर है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी गिरोह युवाओं को आसान शिकार बना रहे हैं। इस कड़ी को तोड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, शादी करूंगा कह युवक ने कई बार नोची युवती; अब मुकरा
जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की बड़ी पहल- गरीब बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार, हर महीने देगी इतने पैसे
सलूणी की यह कार्रवाई भले ही पुलिस की एक सफलता हो, लेकिन यह संकेत भी है कि प्रदेश में नशे की जड़ें फैल रही हैं। यदि समय रहते सख्त कदम और व्यापक सामाजिक पहल नहीं की गई तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है। परिवार, स्कूल और समाज को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने होंगे। युवाओं को खेल, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ना भी जरूरी है, ताकि वे नशे की ओर आकर्षित न हों।