#अपराध
February 17, 2026
हिमाचल में पुलिस को देख 3 पंजाबी युवकों के छुटे पसीने, पिकअप में भरी मिली नशे की बड़ी खेप
चरस की खेप के साथ तीन पंजाबी युवक धरे, कहां ले जा रहे थे सप्लाई
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच एक बार फिर पंजाब से जुड़े तस्करों की गिरफ्तारी ने चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि पंजाब के नशा तस्कर हिमाचल के युवाओं को निशाना बनाकर यहां अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं। आए दिन सीमावर्ती जिलों में पंजाब नंबर के वाहनों से नशे की खेप बरामद होना इस नेटवर्क की गहराई की ओर इशारा करता है।
इस बार चंबा जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में चरस बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि आरोपियों का व्यवहार और घबराहट ही उनके पकड़े जाने की बड़ी वजह बन गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: फॉरेस्ट गार्ड ने पांच हजार में बेच दिया इमान, विजिलेंस ने रिश्वत लेते धरा
दरअसल मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे डल्हौजी पुलिस की टीम भरमौर-चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोली जीरो प्वाइंट के पास नियमित नाकाबंदी और वाहन चेकिंग कर रही थी। यह इलाका अंतरराज्यीय आवाजाही का प्रमुख मार्ग माना जाता है] जहां से अक्सर बाहरी राज्यों के वाहन गुजरते हैं। इसी दौरान चौहड़ा डैम की दिशा से एक पिकअप वाहन (PB-02BV-9316) बनीखेत की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने सामान्य जांच के तहत वाहन को रोका] लेकिन जैसे ही वाहन में सवार युवकों से पूछताछ शुरू हुई] उनकी बेचैनी साफ झलकने लगी।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य के वादे भी निकले झूठे... 3 माह से टैंट में रह रहे 16 परिवार, आ*गजनी ने छीने थे आशियाने
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सवालों के जवाब देते समय तीनों युवक हड़बड़ा गए और उनके बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे। उनके चेहरे पर डर साफ दिखाई दे रहा था। यही घबराहट पुलिस के शक को और मजबूत कर गई।
जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो अंदर छिपाकर रखी गई 1 किलो 355 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान लवजीत सिंह, कुलदीप सिंह और करण शर्मा के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के अमृतसर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें : जयराम का तंज: CM की नादौन छोड़ देहरा पर नजर.. 'भाभी' ने फंसाया पेंच; नहीं मिल रही सुरक्षित सीट
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चरस की यह खेप हिमाचल में खपाने या आगे सप्लाई करने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। पिछले कुछ महीनों में चंबा, कांगड़ा और अन्य सीमावर्ती जिलों में पंजाब के तस्करों की गिरफ्तारी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सफलता रूटीन चेकिंग के दौरान मिली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।