#अपराध
December 9, 2025
हिमाचल : कल्पना के लिए सड़कों पर उतरे लोग, ससुरालियों को कड़ी सजा देने की उठाई मांग
कल्पना के पिता ने पुलिस को बताया पूरा सच
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मनाली के बलसारी गांव के लोग इस मामले को लेकर बेहद उग्र हो गए हैं। घाटी की सैकड़ों महिलाओं ने इसके विरोध में खूब प्रदर्शन किया।
इतना ही नहीं लोगों ने आज शहर में रैली निकाली और पुलिस थाने का घेराव किया। थाने में वरिष्ठ अधिकारी ना मिलने के कारण गुस्साए लोग थाने के अंदर घुस गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खूब बवाल काटा।
दरअसल, थाना प्रभारी कुल्लू से मनाली आने में लेट हो गए। इसी बात पर भीड़ का गुस्सा फूट गया और लोग थाने के अंदर घुस गए। जबकि, पहले महिलाएं थाने के बाहर बैठ कर इंतजार कर रही थीं। महिलाओं ने कल्पना के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
थाना प्रभारी के मनाली पहुंचने के बाद महिलाएं शांत हुईं। महिलाओं का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि कल्पना की सास और ननद को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
बीती 5 दिसंबर को बलसारी क्षेत्र की एक महिला के सुसाइड का केस मिशन अस्पताल मनाली में आया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची। अस्पताल में मृतका के पिता रेवत राम निवासी गोजरा (मनाली) ने पुलिस को बयान दिया।
उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बेटी कल्पना की शादी वर्ष 2021 में बलसारी निवासी रवि ठाकुर के साथ हुई थी। कल्पना दो बच्चों एक बेटा और एक बेटी की मां थी। रेवत राम के अनुसार शादी के शुरुआती 3–4 महीने सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद रवि ठाकुर का व्यवहार बदल गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि रवि कल्पना के साथ आए दिन लड़ाई-झगड़ा करने लगा, उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। पैसों की मांग करता था और दबाव डालकर उसके बैंक खाते से रुपये निकलवा लेता था।
मारपीट के कारण कल्पना कई बार अपने मायके आई, लेकिन सामाजिक मर्यादाओं और घर-परिवार की उम्मीदों को देखते हुए परिवार उसे समझाकर वापस ससुराल भेज देता रहा। पिता ने बताया कि एक बार जब वे बेटी को लेने ससुराल जाने की सोच रहे थे, तो दामाद रवि ठाकुर ने उन्हें यह धमकी दी कि अगर तुम मेरे घर आए तो तुम्हें दराती से काट दूंगा।
रेवत राम के अनुसार, 4 दिसंबर शाम करीब 5:30 बजे उनकी बड़ी बहू बनीता ने फोन पर सूचना दी कि कल्पना के ससुराल वालों ने बताया है कि वह घर में नहीं मिल रही। इसके बाद कल्पना का भाई तारा चंद स्थिति जानने के लिए तुरंत कल्पना के ससुराल पहुंचा। वहां स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, बल्कि उसे दोबारा फोन कर मिशन अस्पताल मनाली बुलाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर परिवार को बताया गया कि कल्पना घर की तीसरी मंजिल में फंदे से लटकी मिली है। उसे तुरंत अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने आते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत में पिता ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि पति रवि ठाकुर, सास और दो ननदें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से कल्पना को प्रताड़ित करते थे। इसी प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि मौत आत्महत्या नहीं बल्कि ससुराल पक्ष की वजह से हुई एक मजबूरन कदम या साजिश भी हो सकती है।
DSP मनाली केडी शर्मा ने पुष्टि की है कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पुलिस टीम ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर मृतका के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके की जांच, फोन कॉल्स, परिजनों और पड़ोसियों के बयान सभी को ध्यान में रखते हुए आगे कार्रवाई की जाएगी।