#अपराध
June 17, 2026
हिमाचल में बड़ी डील करने आए थे मुंबई के दो युवक : पुलिस ने ढेर सारी चरस और कैश संग धरे
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में मचा हड़कंप
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो युवकों को चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, जरी पुलिस चौकी की टीम नियमित गश्त, नाकेबंदी और वाहनों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान डुंखरा चौक पर पुलिस कर्मी आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी कर रहे थे। तभी मणिकर्ण की ओर से एक स्कूटी वहां पहुंची, जिस पर दो युवक सवार थे।
पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कूटी को रोककर जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिसके बाद पुलिस ने उनकी गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 202 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा 41 हजार रुपये नकद भी मिले, जिन्हें प्रारंभिक जांच में नशे के कारोबार से जुड़ी रकम माना जा रहा है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने चरस कहां से प्राप्त की थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस उनके संपर्कों, आवाजाही और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रकम किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी है या नहीं।
SP कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की विशेष चेकिंग और नाकेबंदी जारी रहेगी।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।