#अपराध
March 4, 2025
हिमाचल: लव ट्राएंगल ने छीन ली थी युवक की जिंदगी, 10 दिन बाद नहर में मिली देह
आरोपियों ने बैल्ट से गला घोंट कर नहर में फेंक दी थी हरदीप सिंह की देह
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के अप्पर अरनियाला के रहने वाले19 वर्षीय हरदीप सिंह उर्फ जिया का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया था। अब इस मामले में पुलिस ने करीब 10 दिन बाद युवक के शव को पंजाब के आनंदपुर साहिब के पास से बरामद कर लिया है। यह शव सूरेवाल में पटियाला की ओर जाने वाली बीबीएमबी हाइडल नहर से बरामद किया गया है।
दरअसल प्रेम प्रसंग के चलते हरदीप सिंह उर्फ जिया का 23 फरवरी को अपहरण किया गया था। उसके बाद पहले उसके साथ मारपीट की गई थी और उसके बाद बैल्ट से उसका गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को पंजाब के आनंदपुर साहिब के पास ही नहर में फेंक दिया था। हरदीप के शव को पुलिस पिछले पांच दिन से ढूंढ रही थी। जिसके लिए पुलिस ने गोताखोरों की मदद भी ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटे की तलाश में भटक रहा था परिवार, पुल के पास पड़ा मिला- घूमाने ले गया था दोस्त
पुलिस ने अब शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा भेजा है। इस मामले में पुलिस जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की भी मदद ले रही है। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की कैसे हत्या की गई इस बात की जानकारी मिल पाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी करूंगा कह... युवती से कई साल बनाए संबंध, फिर बनाया फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट
बता दें कि हरदीप सिंह का अपहरण 23 फरवरी को हुआ था। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 25 फरवरी की शाम को उसके अपहरण और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। परिजनों ने वीडियो देख कर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पहले अपहरण का मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच करते हुए 27 फरवरी को पुलिस ने देहलां निवासी तरनजीत सिंह और रायपुर सहोड़ा के निवासी मनप्रीत सिंह नाम के दो युवकों को जिला के अलग.अलग स्थान से गिरफ्तार भी कर लिया। उससे अगले दिन पुलिस ने इस घटना के मुख्य आरोपी वंश उर्फ बंटू और नाबालिग किशोरी को भी हिमाचल के मंडी जिला से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए थे। यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। जिसमें गिरफ्तार नाबालिग लड़की का हरदीप से प्रेम संबंध था। लेकिन बाद में उनमें तकरार हो गई। इसी लड़की ने 23 फरवरी को हरदीप को मिलने बुलाया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर टूटा पहाड़- सड़क पर गिरे पत्थर, धूल का गुब्बार देख डरे मुसाफिर
जब हरदीप मिलने पहुंचा तो लड़की के साथ मौजूद अन्य आरोपियों ने गाड़ी से उसकी बाइक को टक्कर मार दी और उसे घायल कर उसका अपहरण कर लिया। उसके बाद गाड़ी में पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। उसके बाद बैल्ट से हरदीप का गला घोंट दिया गया। आरोपियों के खुलासे के बाद से पुलिस शव को ढूंढ रही थी।