#अपराध
April 25, 2025
हिमाचल : चेहरा कुचलकर जंगल में फेंकी महिला, सबूत मिटाने की कोशिश- तीन हुए अरेस्ट
13 दिन पहले घर से लापता हुई थी महिला
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा जिला में जंगल में मिली महिला के लाश के मामले बड़ा अपडेट सामने आया है। महिला की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जबकि, दो अन्य आरोपियों को पालमपुर से गिरफ्तार किया है। जल्द ही तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
शुरुआती जांच में पाया गया है कि महिला की हत्या करने के पीछे का कारण पैसों की जबरन वसूली और अवैध संबंध है। फिलहाल, पुलिस टीम तीनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने महिला की हत्या सुनसान जंगल में ले जाकर की। इतना ही नहीं महिला की पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया। इसके बाद महिला के शव को जंगल में फेंक दिया और खुद सबूत मिटाने में जुट गए। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने महिला के सामान और हथियारों को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
आपको बता दें कि ये घटना बीते मंगलवार दोपहर की है- जब जखनिघाटी के गलू वन क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। शव बुरी तरह सड़ चुका था और दुर्गंध फैल रही थी- जिससे अंदेशा लगाया जा रहा था कि महिला की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। पुलिस टीम को शव के पास एक लोहे की रॉड भी पड़ी मिली थी। यह रॉड आमतौर पर कंस्ट्रक्शन साइट्स पर लोहे के सरिए को मोड़ने के काम आती है।
पुलिस ने मृतका की पहचान उसके शरीर पर बने टैटू और एक गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर की। मृतका की पहचान उसके पति ने की। मृतका की पहचान पिंकी देवी पत्नी दिनेश कुमार के रूप में हुई- जो कि झारखंड की रहने वाली थी। पिंकी पिछले कुछ समय से पालमपुर के दैहण गांव में अपने पति के साथ रह रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने गहनता से जांच शुरू कर दी। जांच में दौरान पुलिस टीम ने किसी से कोई जानकारी सांझा नहीं की। जिसके चलते आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और वो पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
बताया जा रहा है कि पिंकी बीती 10 अप्रैल को मारंडा बाजार में सामान लेने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। उसके पति दिनेश कुमार ने उसी दिन भवारना पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।