#अपराध

August 14, 2025

हिमाचल: अस्पताल के बिस्तर से पति ने पत्नी को कहा 'तीन तलाक', 3 बच्चों की मां की उजड़ी जिंदगी

पति की मौत के बाद देवर से हुई थी शादी, पति की सेवा को पहुंची थी अस्पताल

शेयर करें:

Mandi Triple Talaq

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसने एक महिला की जिंदगी को पूरी तरह से उजाड़ दिया। दरअसल मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की रहने वाली शबनम परवीन के जीवन में 11 अगस्त का दिन एक ऐसा स्याह अध्याय बनकर आया, जिसे वह जीवन भर नहीं भूल पाएंगी। पहले ही पति की नशे की लत, मारपीट और अपमान से अंदर तक टूट चुकी शबनम को उस दिन अस्पताल के बिस्तर पर पड़े अपने पति से तीन तलाक सुनने को मिला। एक पत्नी, मां और इंसान के तौर पर उसने रिश्तों को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन अंत में उसकी दुनिया एक झटके में उजड़ गई।

पहले पति की मौत, फिर दूसरा निकाह

शबनम का पहला निकाह सदीक मोहम्मद के बड़े भाई से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। पति की असमय मृत्यु के बाद परंपरागत पारिवारिक रीति-रिवाजों के तहत उसका निकाह उसके ही देवर सदीक मोहम्मद से करा दिया गया। सदीक से उसे एक बेटी हुई। तीनों बच्चे अब अपनी मां के साथ ननिहाल, यानी शबनम के मायके कनैड में रह रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लाखों परिवारों को झटका- मनरेगा से हुए बाहर, जॉब कार्ड होंगे रद्द

नशे और हिंसा का शिकार बनी शबनम

दूसरे निकाह के बाद शबनम की जिंदगी में खुशियों की जगह परेशानियों ने ले ली। सदीक मोहम्मद नशे का आदी था और अक्सर हिंसक व्यवहार करता था। आए दिन मारपीट, गाली.गलौज और तानों ने शबनम की जिंदगी को नर्क बना दिया। कई बार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न सहने के बाद शबनम ने साहस जुटाकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जो वर्तमान में सुंदरनगर कोर्ट में विचाराधीन है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 6 जगह फटे बादल- जलमग्न हुए कई गांव, प्रशासन ने खाली करवाए मकान- जानें

देखभाल करने पहुंची, तलाक का तोहफा मिला

बीते 5 अगस्त को सदीक मोहम्मद एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पत्नी होने के नाते, शबनम ने तमाम दर्द और अपमान को भुलाकर 11 अगस्त को खाना और देखभाल का सामान लेकर अस्पताल पहुंची, उम्मीद थी कि शायद बीमारी उसके पति का दिल बदल दे। लेकिन इसके विपरीत, अस्पताल के बिस्तर पर पड़े सदीक ने न केवल उससे झगड़ा किया, बल्कि गुस्से में तीन बार तलाक कहकर रिश्ता तोड़ दिया। सदीक ने साफ शब्दों में कहा तुम मेरी जिंदगी से आजाद हो, अब तुम्हारा मुझसे कोई रिश्ता नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे में सो रही महिला को सांप से डसा, निकले प्राण- सदमे में परिवार

शबनम की जिंदगी में फिर टूटा दुखों का पहाड़

तीन बच्चों की मां शबनम के लिए यह पल किसी आघात से कम नहीं था। वह अब यह सोचकर चिंतित है कि अपने और बच्चों के भविष्य का गुजारा कैसे करेगी। उसकी लड़ाई अब सिर्फ एक पत्नी की नहीं, बल्कि उन तमाम महिलाओं की है] जो सामाजिक कुरीतियों और कानूनी पेचीदगियों के बीच अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ रही हैं।

कानूनी कार्रवाई शुरू, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शबनम की शिकायत पर थाना बल्ह में पुलिस ने सदीक मोहम्मद के खिलाफ धारा 4, मुस्लिम महिला (विवाह में अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस अधिनियम के तहत तीन तलाक को गैरकानूनी और दंडनीय अपराध माना गया है। डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच जारी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद की देह देख बेटियों की निकली चीखें, बुजुर्ग माता- पिता के नहीं रूक रहे आंसू; पत्नी बेसुध

शबनम की कहानी उन हजारों महिलाओं की आवाज बन सकती है जो अब भी घरेलू हिंसा, नशे की मार, और एकतरफा रिश्तों के बोझ तले दबी हैं। जब एक महिला हर परिस्थिति में परिवार को बचाने की कोशिश करती है, तब समाज और कानून का यह कर्तव्य बनता है कि वह उसे न्याय, सुरक्षा और सम्मान दे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख