#अपराध
October 6, 2025
हिमाचल: शराब पार्टी...दोस्त से बहसबाजी, फिर चली गो*ली, मां से छीन लिया 21 वर्षीय बेटा
ऊना के 21 वर्षीय शिवांग राणा को चंडीगढ़ के खरड़ में दोस्त ने मारी गो*ली
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के 21 वर्षीय युवक शिवांग राणा की चंडीगढ़ के खरड़ में गोली मार कर हत्या कर दी गई। बड़ी बात यह है कि युवक को गोली उस दोस्त ने मारी, जिसके साथ कमरे में रात भर बैठ कर शराब पी थी। शराब के नशे में हुई बहसबाजी ने एक मां से उसके जीने का सहारा ही छीन लिया। पति को पहले ही खो चुकी महिला को जब बेटे की मौत की खबर मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
बताया जा रहा है कि शिवांग राणा के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मां अपने दो बेटों के सहारे ही जिंदगी काट रही थी। लेकिन रविवार की सुबह उस मां के लिए एक काली सुबह बनकर आई। जब उसे सूचना मिली कि उसके बड़े बेटे शिवांग राणा की उसके ही दोस्त ने गोली मार कर हत्या कर दी गई है। इस घटना ने मां की दुनिया ही बदल दी।
शिवांग की मां सुमित्रा राणा का कहना है कि उनका बेटा बीसीए की पढ़ाई कर रहा था और वह पढ़ने में काफी होशियार था। उनकाकहना है कि शिवांग का जीवन केवल शिक्षा और दोस्तों के साथ सामान्य खुशियों में बीत रहा था। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से अपील की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और न्याय दिलाया जाए।
पुलिस के अनुसार खरड़ में विला प्लाजियो सोसाइटी के पहली मंजिल के किराए के फ्लैट में शनिवार रात को शराब पार्टी चल रही थी। फ्लैट में रहने वाले युवक का भाई अपने तीन दोस्तों के साथ आया, जिसमें शिवांग भी शामिल था। पार्टी में शामिल हरविंदर सिंह उर्फ हैरी के साथ शिवांग की किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस बढ़ते ही हरविंदर ने पिस्टल निकालकर शिवांस की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने के तुरंत बाद एक अन्य युवक ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मोहाली कर्ण संधू और एसएचओ सिटी खरड़ पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। शव को मोहाली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। डीएसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान हो गई है और उसकी तलाश जारी है। मृतक के अन्य साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल सभी युवक हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के निवासी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: संजौली मस्जिद विवाद में वक्फ बोर्ड को बड़ा झटका, अब कोर्ट सुनाएगी अंतिम फैसला
शिवांग की मां और परिवार का कहना है कि उन्हें इस घटना से गहरा सदमा लगा है। मृतक की मां सुमित्रा राणा ने कहा कि हम चाहते हैं कि ऐसे हादसे दोबारा न हों। युवा पीढ़ी को शराब और हिंसा से दूर रखना चाहिए। परिवार ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।