#अपराध
July 25, 2026
हिमाचल : परिवार पालने के लिए राजस्थान नौकरी करने गया था 21 वर्षीय सचिन, खत्म कर दी अपनी जिंदगी
ड्यूटी पर नहीं आया युवक तो दोस्त को हुई चिंता
शेयर करें:

सिरमौर। रोजगार की तलाश में घर से दूर दूसरे राज्यों का रुख करने वाले युवाओं के मन में अपने और परिवार के बेहतर भविष्य के कई सपने होते हैं। लेकिन कई बार जिंदगी में ऐसी परेशानियां आ जाती हैं, जिनसे जूझते हुए कुछ लोग बेहद दुखद कदम उठा लेते हैं। ऐसा ही एक मामला राजस्थान से सामने आया है, जहां नौकरी करने गए हिमाचल प्रदेश के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव श्रीगंगानगर के एक होटल के पिछले हिस्से में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात युवक अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। जब काफी देर तक वह काम पर नहीं आया तो उसके साथियों को चिंता होने लगी। उन्होंने उसे कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद साथियों ने होटल में उसके कमरे और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी तलाश करने के बाद रात करीब 11 बजे युवक का शव होटल के पिछले हिस्से में फंदे से लटका हुआ मिला। शव देखते ही उसके साथियों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और युवक के परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: सभी बोर्ड निगमों के खजाने की निगरानी को बनेगी नई फाइनेंस कंपनी
शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत झाकंडो निवासी 21 वर्षीय सचिन ठाकुर, पुत्र कंवर ठाकुर के रूप में हुई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले में स्थिति साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: पैदल जा रही महिला से टकराई बाइक, भाई-बहन के निकले प्राण; 20 और 22 साल थी उम्र
जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलने के बाद युवक के पिता और गांव के कुछ लोग श्रीगंगानगर के लिए रवाना हो गए हैं। इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में शोक का माहौल है।