#हादसा
July 24, 2026
हिमाचल: पैदल जा रही महिला से टकराई बाइक, भाई-बहन के निकले प्राण; 20 और 22 साल थी उम्र
तेज रफ्तार और लापरवाही ने छीन ली दो जिंदगियां, एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक ही परिवार के दो जवान चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए। घर से बहन की मेडिकल फीस जमा करवाने निकले भाई-बहन कभी वापस नहीं लौट सके। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार हादसा अंब उपमंडल के पंजोआ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय सक्षम ठाकुर अपनी ताऊ की बेटी 22 वर्षीय नेहा को बाइक पर लेकर अंब जा रहा था, जहां नेहा की मेडिकल शिक्षा की फीस जमा करवाई जानी थी। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में एक दर्दनाक हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रास्ते में बाइक सड़क किनारे पैदल जा रही एक 60 वर्षीय महिला से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय दुकानदार और अन्य लोगों ने बिना समय गंवाए तीनों घायलों को अपनी गाड़ी में सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द उपचार मिल सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहाड़ ने निगली 13 जिंदगियां : चलती सूमो पर गिरी चट्टानें, 6 माह का मासूम भी शामिल
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सक्षम ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं नेहा और घायल महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। ऊना अस्पताल में नेहा की हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पीजीआई पहुंचने से पहले ही नेहा ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही घंटों के भीतर परिवार ने अपने दो युवा सदस्यों को हमेशा के लिए खो दिया।
हादसे में घायल हुई 60 वर्षीय महिला की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स ले गए हैं, जहां उनका उपचार जारी है। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 20 वर्षीय सक्षम ठाकुर पुत्र होशियार सिंह और 22 वर्षीय नेहा पुत्री जय चंद निवासी चक्क बेहड़ जसवां के रूप में हुई है। जबकि घायल महिला की पहचान 60 वर्षीय सुमन देवी पत्नी स्वर्गीय बलदेव चंद निवासी भवरन कंगरूही थड़ा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गली-गली पैदल घूम कर नशा बेचने निकला था युवक, मंदिर के पास बड़ी खेप संग धरा
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। जिस घर से भाई-बहन भविष्य के सपने लेकर निकले थे, उसी घर में कुछ घंटों बाद उनकी मौत की खबर पहुंची। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। एक ही घर के दो होनहार युवाओं की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके और गांव में मातम का सन्नाटा पसर गया है।