#यूटिलिटी
July 25, 2026
सावधान हिमाचल! 7 जिलों में आज होगी भारी बारिश, यलो अलर्ट जारी
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए यलो अलर्ट घोषित किया है। बारिश के साथ पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में मंडी-धर्मपुर नेशनल हाईवे-003 पर सफर करना मुश्किल हो गया है। बीती रात रोपडू नाला के पास पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते हाईवे पूरी तरह बंद हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहत की बात यह है कि इस लैंडस्लाइड में किसी की जान नहीं गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: सभी बोर्ड निगमों के खजाने की निगरानी को बनेगी नई फाइनेंस कंपनी
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल में आज और कल कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 27 जुलाई से मौसम और खराब होने की संभावना है। 27 जुलाई से स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई तक हिमाचल के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 27 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: पैदल जा रही महिला से टकराई बाइक, भाई-बहन के निकले प्राण; 20 और 22 साल थी उम्र
वहीं, 28 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।
हिमाचल में इस बार मानसून के दौरान अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 24 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 293.9 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 269.7 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 8 फीसदी कम बारिश हुई है।
जिलावार आंकड़ों की बात करें तो हमीरपुर में सामान्य से 38 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 42 फीसदी, मंडी में 31 फीसदी और कांगड़ा में 20 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके अलावा बिलासपुर में 3 फीसदी और सिरमौर में 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे नदी-नालों के पास जाने से बचें और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में बिना जरूरत यात्रा न करें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहाड़ ने निगली 13 जिंदगियां : चलती सूमो पर गिरी चट्टानें, 6 माह का मासूम भी शामिल
पहाड़ी इलाकों में अचानक तेज बारिश के कारण सड़कें बंद होने और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।