#अपराध
November 14, 2025
हिमाचल: घायल अवस्था में घर पहुंचा पूर्व सैनिक, कुछ घंटों बाद त्यागे प्राण, शरीर पर चोट के निशान
पत्नी ने बताई सोची समझी साजिश, ह*त्या की जताई आशंका
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक पूर्व सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पूर्व सैनिक खून से लथपथ हालत में रात को घर पहुंचा था, उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। पूर्व सैनिक की पत्नी ने पति की हत्या की आशंका जताई है और पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
दरअसल यह मामला राजधानी के सदर थाना क्षेत्र की है। यहां एक पूर्व सैनिक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खून से सने कपड़ों और गंभीर चोटों के साथ घर लौटे इस व्यक्ति की हालत कुछ ही घंटों में बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे एक सोचा.समझा हमला बताते हुए न्याय की मांग की है।
मृतक की पहचान पूर्व सैनिक संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो जाखू स्थित सनी ओक अपार्टमेंट में अपनी पत्नी कृष्णा देवी के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार घटना 12 नवंबर की देर रात की है। संदीप हाल ही में शराब की लत छुड़ाने के लिए एक पुनर्वास केंद्र और आईजीएमसी के मनोचिकित्सा विभाग में इलाज करा रहे थे।
पत्नी कृष्णा देवी के मुताबिक उसी रात संदीप नशे की हालत में घर लौटे। उनकी नाक से खून बह रहा था, जबकि उनके कपड़ों और हाथों में खून लगा था। हालत बिगड़ते देख उन्होंने तुरंत रीहैब सेंटर को सूचना दी। केंद्र का स्टाफ सुबह करीब 5 बजे संदीप को अपने साथ ले गया। लेकिन कृष्णा देवी को बताया गया कि संदीप की तबीयत कुछ ही घंटों बाद खराब हो गई। उन्हें टेंज़िन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को मेडिकल जांच के लिए आईजीएमसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत्यु की पुष्टि करते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू की।
आईजीएमसी मोर्चरी में प्राथमिक निरीक्षण के दौरान संदीप के शरीर पर कई जगह चोटें, खरोंचें और नीले निशान पाए गए। इन निशानों को देखते हुए पत्नी ने आशंका जताई कि उनके पति पर घर पहुंचने से पहले किसी ने हमला किया था, जिसकी वजह से उनकी जान गई। कृष्णा देवी ने पति की हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर धरम सेन के नेतृत्व में विशेष टीम सीसीटीवी फुटेज, मृतक के आने-जाने के रास्तों और आस.पास के क्षेत्रों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी तस्वीर सामने आ पाएगी। फिलहाल जांच जारी है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।