#अपराध
December 12, 2025
हिमाचल: नाका तोड़ा.. पुलिस की गाड़ी रौंद भागा युवक, पीछा किया तो मिली कार, चालक गायब
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस- जल्द गिरफ्तार होगा चालक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में रैश ड्राइविंग करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शांत पहाड़ी सड़कों पर अक्सर यह मान लिया जाता है कि यातायात व्यवस्था बेहतर है, लेकिन वास्तविकता इसके उलट दिखाई देती है। आए दिन ऐसे मामले सामने आते हैं जब वाहन चालक तेज रफ्तार में न केवल खुद को बल्कि दूसरों की जान को भी जोखिम में डालते हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई चालक पुलिस नाके पर रुकने की बजाय उसे तोड़कर भागने की कोशिश करते हैं। पिछले कुछ महीनों में पुलिस ने ऐसे कई मामले दर्ज किए हैं, जिनमें चालक की लापरवाही और नियमों की अनदेखी स्पष्ट दिखाई देती है।
नाका तोड़कर फरार होना अब एक ट्रेंड जैसा बनता जा रहा है, जिससे पुलिस कर्मियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ने लगी है। कई बार ऐसी घटनाओं में पुलिस की गाड़ियाँ तक क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, और राहगीरों पर भी खतरा मंडराता है।
इसी कड़ी में अब ताजा मामला कांगड़ा जिले के ज्वाली क्षेत्र से सामने आया है- जहां कैहरियां चौक पर लगाए पुलिस के नाके को एक वाहन चालक ने तोड़ दिया। इतना ही नहीं वाहन चालक वहां से वाहन लेकर फरार भी हो गया।
जानकारी के अनुसार, CIA टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक वाहन इस मार्ग से गुजर सकता है, जिसके बाद टीम ने चौक पर नाकाबंदी की थी। जैसे ही संदिग्ध वाहन नाके के पास पहुंचा, पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रफ्तार और बढ़ा दी।
आरोप है कि चालक न सिर्फ नाकाबंदी तोड़कर भागा, बल्कि भागते समय पुलिस की गाड़ी सहित अन्य वाहनों को भी टक्कर मारता हुआ आगे निकल गया। गनीमत रही कि कोई पुलिसकर्मी उसकी गाड़ी की चपेट में नहीं आया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभी तक किसी भी वाहन मालिक ने पुलिस में नुकसान संबंधी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सी.आई.ए. टीम ने रैहन थाना पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों टीमें संदिग्ध वाहन का पीछा करने में जुट गईं। करीब कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने देहरी कॉलेज रोड पर उस वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक गाड़ी वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तुरंत वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से मिले सुरागों और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी रैहन, करतार सिंह पखरेटिया से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने पुष्टि की कि घटना गंभीर है और पूरी टीम मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि चालक ने जिस तरह पुलिस नाके को तोड़ा और सड़क पर अन्य वाहनों को जोखिम में डाला, उससे साफ है कि वह किसी बड़ी अवैध गतिविधि में शामिल हो सकता है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान भी चलाया है, साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने वाहन को तेज रफ्तार में गुजरते देखा हो या संबंधित चालक को पहचाना हो, तो पुलिस को सूचना दें।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते वाहन को न रोकती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।