#अपराध

February 28, 2026

हिमाचल: पूर्व MLA बंबर ठाकुर पर गो*ली चलाने वाला मुख्य शूटर एक साल बाद धरा, अब होंगे बड़े खुलासे

पिछले साल होली के दिन पूर्व विधायक पर चलाई थी गोली

शेयर करें:

bambar Thakur Bilaspur

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष से फरार चल रहा मुख्य शूटर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। आरोपी अमन को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को बिलासपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

होली के दिन बंबर ठाकुर पर चलाई थी गोली

गौरतलब है कि 14 मार्च 2025 को बिलासपुर सदर क्षेत्र में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलीबारी कर दी थी। यह हमला उस समय किया गया था, जब पूर्व विधायक अपने घर में कार्यकताओं और अन्य लोगों के साथ होली खेल रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में बंबर ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा कर्मी को गोलियां लगी थीं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे और मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खाई में गिरते दहकी गाड़ी, जिं*दा ज.ल गए अंदर बैठे 3 लोग, बुजुर्ग पिता से छीन गया अंतिम सहारा

ठिकाने बदलकर पुलिस को देता रहा चकमा

घटना के बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य शूटर अमन लंबे समय तक गिरफ्त से बाहर रहा। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले एक साल से अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलकर जांच एजेंसियों से बचता रहा और लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

रोहतक में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी

हाल ही में हरियाणा के रोहतक में स्पेशल टास्क फोर्स ;एसटीएफद्ध के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान अमन घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्राथमिक उपचार और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिलासपुर पुलिस टीम आरोपी को हिमाचल प्रदेश लेकर पहुंची।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बीच सड़क पलटी बजरी से भरी बोलेरो कैंपर, एक व्यक्ति की मौके पर थमी सांसें; दो घायल

कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर

पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। कोर्ट ने अमन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, ताकि गोलीकांड से जुड़े अहम तथ्यों और साजिश के पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

गैंग नेटवर्क से जुड़े खुलासों की उम्मीद

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मुख्य शूटर की गिरफ्तारी से पूरे मामले की कड़ियां जुड़ सकती हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले की साजिश किस स्तर पर रची गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। अमन को पेशेवर अपराधी माना जा रहा है, जो गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को केंद्र का बड़ा तोहफा: फोरलेन के लिए दिए 294 करोड़, गडकरी ने पोस्ट कर लिखी ये बात

अन्य आरोपी पहले ही पहुंच चुके हैं सलाखों के पीछे

इस हाई प्रोफाइल मामले में शामिल अन्य शूटर सागर, बॉवी और अजय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सौरभ उर्फ फांदी और कुलदीप भी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: कल से होंगे यह बड़े बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा असर; रसोई गैस भी होगी महंगी

पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी

करीब एक साल तक फरार रहे मुख्य शूटर की गिरफ्तारी को बिलासपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए गोलीकांड की साजिश से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख