#हादसा
February 28, 2026
हिमाचल में बीच सड़क पलटी बजरी से भरी बोलेरो कैंपर, एक व्यक्ति की मौके पर थमी सांसें; दो घायल
घायलों को ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां पर एक बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में आज शनिवार पेश आया है। हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो कैंपर निर्माण कार्य के लिए रोड़ी (बजरी) से लदी जा रही थी।
जब वाहन त्यावल गांव के पास एक तीखे और संकरे मोड़ पर पहुंचा, तो चालक से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते गाड़ी सड़क पर पलट गई। अचानक हुए इस हादसे में वाहन के अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
धन सिंह के रूप में हुई जो नेपाली मूल का निवासी था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसा वाहन के अचानक अनियंत्रित होने के कारण हुआ, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस दुखद हादसे के बाद त्यावल गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।