#अपराध

August 9, 2025

हिमाचल की कुख्यात महिला नशा तस्कर "कल्पना" नजरबंद, अब संपत्ति को खंगालेगी पुलिस

महिला नशा तस्कर अब तक पांच मामलों में हो चुकी है गिरफ्तार

शेयर करें:

drug smuggler kalpana

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार में महिलाएं भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें महिला नशा तस्कर कई बार पुलिस की गिरफ्त में आ चुकी हैं। ऐसे ही एक मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को नजरबंद कर दिया है। मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है।

तीन महीने के लिए की नजरबंद

दरअसल जिला कांगड़ा की नशा विरोधी मुहिम के तहत नूरपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। नूरपुर पुलिस ने एक कुख्यात महिला नशा तस्कर "कल्पना उर्फ कप्प" को तीन महीने के लिए नजरबंद कर दिया है। नूरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह सचिव के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई है, जो कि PIT ND&PS एक्ट (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत की गई है।

 

यह भी पढ़ें : किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए श्रद्धालु की पार्वती कुंड के पास मिली देह, अब तक 3 ने गंवाई जान

बार-बार गिरफ्तारी के बावजूद नहीं बदली सोच

कल्पना, निवासी गांव तमौता तहसील इन्दौरा जिला कांगड़ा लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है। पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि वह पिछले कई वर्षों से इस अवैध धंधे में संलिप्त है और इसके चलते उस पर एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। 15 सितंबर 2024 को इन्दौरा थाना पुलिस ने उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसके आवास पर छापेमारी की थी] जहां से पुलिस ने 8.40 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया था। इस मामले में एफआईआर संख्या 143/24 के तहत उसे गिरफ्तार भी किया गया था। लेकिन जेल से छूटने के बाद भी उसने अपने आपराधिक रवैये में कोई बदलाव नहीं किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हीलियम गैस से सुसा*इड का पहला केस, बैंकर ने नोट में पत्नी-पिता के खोले कई राज

लंबे समय से नशा कारोबार में सक्रिय

कल्पना के आपराधिक इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2017 से अब तक उसके खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं:

  • 12 नवंबर 2017: 1.366 किलो पोपी स्ट्रॉ (भुक्की) बरामद
  • 29 जून 2019: 2.01 ग्राम हेरोइन
  • 6 मई 2021: 6.75 ग्राम हेरोइन
  • 11 फरवरी 2024: 7.88 ग्राम हेरोइन
  • 9 जून 2025: मकेरियन, पंजाब से 15 नशीले इंजेक्शन बरामद

 

इन सभी मामलों में बार-बार गिरफ्तार होने के बावजूद, कल्पना तस्करी से पीछे नहीं हटी, जो प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बना रहा।

पुलिस ने गृह सचिव को भेजा प्रस्ताव

नूरपुर पुलिस ने कल्पना की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और समाज पर उसके नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए उसे PIT ND&PS एक्ट के तहत नजरबंद करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। इस पर अमल करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह सचिव ने 11 जून 2025 को उसे हिरासत में लेने के आदेश जारी किए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रक्षाबंधन पर छूटा भाई-बहन का साथ, घर की ओर जा रहा था शख्स- रावी में समाई कार

संपत्ति की भी होगी जांच

5 अगस्त 2025 को PIT ND&PS एक्ट के तहत गठित सलाहकार बोर्ड ने हिरासत के आदेश को वैध ठहराते हुए उसकी नजरबंदी को अगले तीन महीनों के लिए और बढ़ा दिया है। पुलिस अब उसके खिलाफ आगे की जांच में उसकी संपत्तियों की भी छानबीन करेगी,  यह जानने के लिए कि कहीं उसने अवैध रूप से अर्जित पैसों से संपत्ति तो नहीं बनाई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 2 माह बाद होनी थी शादी, बहनों ने खो दिया लाडला भाई; रक्षा बंधन पर मची चीख-पुकार

नूरपुर पुलिस की मुहिम जारी

जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम अब तेजी पकड़ चुकी है। पुलिस का उद्देश्य है कि समाज में नशे के गढ़ बन चुके ऐसे अड्डों को पूरी तरह खत्म किया जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की बड़ी कार्रवाइयों का मकसद केवल तस्करों को जेल भेजना नहीं, बल्कि उनकी जड़ों को उखाड़ फेंकना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख