#अपराध

June 27, 2025

हिमाचल: JE नवीन मामले में बड़ा खुलासा-  4 लोगों संग होटल में की थी पार्टी, फिर हुआ था बवाल

होटल में मिले अहम सबूत, जिन्हें मिटाने का किया है प्रयास

शेयर करें:

JE Naveen chamba News

चंबा। हिमाचल के चंबा जिला के तीसा उपमंडल में जल शक्ति विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) नवीन कुमार की रहस्यमयी मौत के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। तीसा उपमंडल के गढ़ के रहने वाले जेई नवीन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब एक गहरी साजिश की ओर इशारा कर रही है। पुलिस और फोरेंसिक जांच से जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने इस पूरे मामले को और भी पेचीदा बना दिया है।

जेई नवीन का नाले के पास मिला था शव

दरअसल बीते रोज जेई नवीन का शव नाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। नवीन का शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जाहिर की थी। उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले की जानकारी मिलने पर चुराह के भाजपा विधायक हंसराज भी मौके पर पहुंचे थे और लोगों को आश्वासन दिया था।

 

यह भी पढ़ें : बरसात से निपटने को विक्रमादित्य का विभाग तैयार, बाढ़ में पुल टूटा तो 15 दिन में बनेगा नया बैली ब्रिज

पार्टी में शुरू हुआ विवाद, मारपीट में बदला

पुलिस जांच में पता चला है कि घटना की रात नवीन कुमार एक होटल में मौजूद था, जहां एक पार्टी चल रही थी। इस पार्टी में निजी कंपनी के दो अधिकारी विकास और अंकित, एक ठेकेदार राहुल चौहान और होटल का मालिक विकास भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान नवीन कुमार की नाक से खून बहने लगा।

होटल स्टॉफ से की पूछताछ

पुलिस पूछताछ में होटल कर्मियों ने बताया है कि उन्होंने उसका चेहरा साफ किया था। होटल स्टॉफ के बयान के अनुसार रात को इस घटना के बाद नवीन कुमार काफी देर तक सीढ़ियों पर बैठा रहा और उसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। लेकिन यहीं से मामला और संदिग्ध होता चला गया। क्योंकि उसके बाद अगले दिन जेई नवीन कुमार का शव होटल से कुछ ही दूरी पर नाले के पास मिला। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का एक और जवान शहीद: एक महीने पहले ही आया था छुट्टी, पत्नी के सहारे छोड़ गया 2 बच्चे

फोरेंसिक टीम को मिले खून के धब्बे

घटना की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर से फोरेंसिक टीम ;त्थ्ैस्द्ध को बुलाया गया। टीम ने होटल और संबंधित कमरों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कमरे के अंदर और होटल के बाहर खून के धब्बे पाए गए, जिन्हें साफ करने की कोशिश की गई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि ये निशान मारपीट की पुष्टि करते हैं और यह संकेत देते हैं कि मामले को दबाने की कोशिश की गई थी।

संदेह के घेरे में साथियों की चुप्पी 

इस सारे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों ने नवीन के साथ रात भर बैठ कर पार्टी की थी। उनमें से कोई भी ना तो घटनास्थल पर दिखा और ना ही किसी ने नवीन के बारे में कोई जानकारी पुलिस या परिवार को दी। ऐसे में नवीन के साथ पार्टी करने वालों पर शक की सूई घूम रही है। अब पुलिस इस मामले की तह तक जाएगी और सच्चाई का पता लगाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पानी का सैलाब देख जंगल की ओर भागा लवली, बताया कैसे पल भर में तबाह हुआ सब कुछ

साजिश की गहराती आशंका

फोरेंसिक सबूतों, खून के धब्बे मिटाने की कोशिश और आरोपियों का घटनास्थल से दूर रहना, ये सभी संकेत पुलिस को यह सोचने पर मजबूर कर रहे हैं कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के नेतृत्व में चल रही जांच में कहा गया है कि यह मामला हत्या की ओर मुड़ सकता है, जिसकी पुष्टि फोरेंसिक लैब रिपोर्ट के आने के बाद होगी।

 

यह भी पढ़ें : एक्शन मोड में आए CM सुक्खू- बारिश से मची तबाही पर बुलाई समीक्षा बैठक, दिए बड़े निर्देश

सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड कब्जे में

इस मामले में पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य रजिस्टर रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। पुलिस की टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी ने वीडियो फुटेज के साथ छेड़छाड़ तो नहीं की। अगर ऐसा पाया गया, तो होटल संचालक के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

गिरफ्त में चार संदिग्ध

फिलहाल पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ का दौर जारी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इनसे जो जानकारियां मिल रही हैं, वे मामले को नया मोड़ दे रही हैं। अब सभी की निगाहें फोरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच पर टिकी हैं, जिसके बाद आरोपियों पर सख्त धाराओं में कार्रवाई संभव है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख