#अपराध
July 3, 2025
हिमाचल: सरकारी बैंक के सर्विस मैनेजर ने लांघी सीमाएं, दो महिला कर्मियों से करता था नीचता
दोनों महिला कर्मियों ने वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपी शिकायत
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के साथ शारीरिक शोषण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कभी स्कूलों में छात्राओं का योन शोषण हो रहा है तो कभी कामकाजी महिलाओं के साथ कार्यालयों में छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे ही एक और मामले ने हिमाचल प्रदेश में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठा दिए हैं। दरअसल एक सरकारी बैंक में दो महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से सामने आया है। यहां जिला मुख्यालय में स्थित एसबीआई की शाखा में कार्यरत दो महिला कर्मचारियों के साथ यौन उत्पीड़न और अशोभनीय व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में आरोप बैंक के ही सर्विस मैनेजर पर लगे हैं, जो लंबे समय से महिला कर्मियों को मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा था। पीड़िताओं ने अंततः सब्र का बांध टूटने पर हिम्मत जुटाई और सबूत इकट्ठा कर पुलिस के पास पहुंचीं।
यह भी पढ़ें : बिजली महादेव की देववाणी को दरकिनार कर रोपवे का काम शुरू- लोगों का गुस्सा फूटा, जमकर हो रहा विरोध
पीड़ित महिलाओं ने आरोपी अधिकारी की हरकतों को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और वीडियो साक्ष्य के साथ महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। वीडियो में सर्विस मैनेजर को आपत्तिजनक हरकतें करते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पीड़ित महिला कर्मचारियों का आरोप है कि सर्विस मैनेजर लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के युवक की चंडीगढ़ में एक माह पहले लगी थी नौकरी, ड्यूटी से लौटते कार ने कुचला
वह अकसर उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करता है। इतना ही नहीं वह महंगे उपहार देने का लालच देकर अपने गंदे इरादों को पूरा करने का प्रयास करता है। शिकायतकर्ता एक महिला के अनुसार आरोपी उसे आईफोन देने की पेशकश कर वह अपने इरादे पूरे करने का दबाव बना रहा था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बैंक अधिकारी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा प्रस्तुत वीडियो फुटेज और शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जल्द आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में यह ऊना जिले में दूसरा मामला है, जब बैंक जैसी संवेदनशील संस्था के भीतर इस प्रकार की गंभीर शिकायत दर्ज हुई है। यह सवाल भी खड़ा कर रहा है कि क्या बैंकों में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल की गरिमा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में इस घटना को लेकर रोष है और लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी महिला को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।