#अपराध
August 6, 2025
हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करती थी चंडीगढ़ की लड़की, दो साथियों समेत चढ़ी पुलिस के हत्थे
कार में बैठे थे तीनों- मौके पर पहुंच गई पुलिस टीम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। नशा तस्करी के इस कारोबार में महिलाओं की भागीदारी भी बराबर की पाई जा रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला राजधानी शिमला से सामने आया है- जहां पर पुलिस टीम एक नशा तस्करी के मामले में युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से चिट्टे की खेप भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों की उम्र 23 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस टीम ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने ये कार्रवाई गुप्त सूचना का आधार पर की है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि रोहड़ू उपमंडल में मखीनाला के पास एक कार में सवार तीन लोगों के पास नशे की खेप है।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को कार में से 16.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस टीम ने खेप को अपने कब्जे में लेकर कार सवार तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए SDPO रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि ये तीनों रोहड़ू और चिंड़गांव में चिट्टी तस्करी के मामलों में शामिल थे। पुलिस टीम ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा पता लगाया जा रहा है कि उनके साथ इस काले कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि, हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है, जो अब महज एक अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक संकट का रूप ले चुका है। राज्य के शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ड्रग्स की पहुंच हो चुकी है। चिंता की बात यह है कि अब इस काले कारोबार में महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की ताजा रिपोर्टों के अनुसार, महिला तस्करों की संलिप्तता खासकर सीमावर्ती जिलों जैसे कांगड़ा, सोलन और ऊना में बढ़ी है। इन महिलाओं को पुलिस की नजर से बचने के लिए इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब वे खुद नेटवर्क का हिस्सा बन चुकी हैं। कई मामलों में महिलाएं अपने घरों से ही चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचती पाई गई हैं।