#अपराध
April 28, 2025
हिमाचल पुलिस ने चिट्टे संग धरे पति-पत्नी और खुल गया सोनू गैंग का राज, अब तक 36 अरेस्ट
नशा तस्करों में महिलाएं और पंजाबी भी शामिल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने चिट्टा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क सोनू गैंग के दो और गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बताया जा रहा है कि रामपुर पुलिस टीम ने ये कार्रवाई देर रात की है। पुलिस इस गैंग से जुड़े अब तक कुल 36 तस्करों को हिरासत में ले चुकी है। पुलिस इन आरोपियों के बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच की रही है- ताकि जल्द पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हो सके।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP नरेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 36 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इन आरोपियों में हिमाचल के मंडी, शिमला और कुल्लू जिले समेत पंजाब के लोग भी शामिल हैं। आरोपियों में तीन महिलाएं और दो पंजाबी शामिल हैं।
इस पूरे मामले की जड़ें 3 मार्च 2025 से जुड़ी हैं, जब करसोग के शलोवा गांव में रहने वाले एक दंपती- 32 वर्षीय सोहल लाल और उसकी 25 वर्षीय पत्नी गीता श्रेष्ठ — को रामपुर पुलिस ने 26.68 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिससे हिमाचल के शिमला, मंडी, कुल्लू और पंजाब तक फैले इस तस्करी रैकेट की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का सरगना सोहनलाल उर्फ सोनू और उसकी पत्नी मिलकर नाबालिग बच्चों को अपने नशे के जाल में फंसा रहे थे। गैंग खासकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को चिट्टे (हेरोइन) की लत लगाने का काम कर रहा था। पहले उन्हें नशे का आदी बनाया जाता और फिर बाद में उन्हें ही नशे की तस्करी के धंधे में धकेला जाता था।
गिरोह की गिरफ्तार सदस्य आशा देवी से पूछताछ में पुलिस को बैंक लेन-देन की जानकारी मिली। जब बैंक खातों की पड़ताल की गई, तो आशा के खातों से लाखों रुपये का लेन-देन नेपाल मूल के लाकपा दोर्जे से जुड़ा मिला। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मनाली पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सोनू और गीता के साथ इस तस्करी में 60 से 70 अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान अब तक की जांच में की जा चुकी है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नशे के इस अवैध धंधे को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। सोनू गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और इस पूरे नेटवर्क को जल्द ही जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।