#अपराध
February 25, 2025
हिमाचल: नशे की ओवरडोज से एक और युवक ने गंवाई जान ! सात दिन में तीसरा मामला
शिमला के खलीनी के झंझीड़ी में युवक की मौत नशा माना जा रहा कारण
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। यह नशे का जहर आज शहरों से निकल कर हर गांव मोहल्ले में पहुंच कर अपने पांव पसार चुका है। अब तो चिट्टे का यह नशा युवाओं की जान भी लेने लगा है। पिछले कुछ दिनों में नशे से कुई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है।
दरअसल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लेकिन इस युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। युवक शिमला के खलीनी के झंझीड़ी का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 25 से 26 साल के बीच बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक नशे का आदी था और नशे की सप्लाई भी करता था। उसके खिलाफ शिमला शहर और प्रदेश के अन्य जिलों के कई पुलिस थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों की मानें तो उसकी मौत चिट्टे की ओवरडोज से हुई लगती है। वहीं अभी तक मृतक के परिवार या अन्य किसी परिजन की ओर से इस घटना की कोई भी सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं मिली है।
बता दें कि नशे का गढ़ बनती जा रही राजधानी शिमला में पिछले एक सप्ताह में चिट्टे की ओवरडोज से तीसरी मौत मानी जा रही है। इससे पहले शिमला के सिमिट्री में मंडी जिला के बल्दवाड़ा के एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। वहीं अभी बीते रोज ही शिमला के चक्कर में भी एक 39 वर्षीय व्यक्ति की नशे की ओवरडोज से मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क पर पलटी कार, तो मदद को दौड़ पड़े MLA हंसराज, घायलों को निकाला बाहर
प्रदेश की राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों में चिट्टे का कारोबार इस कद्र बढ़ चुका है कि इसमें अब कई सरकारी अधिकारियों के नाम भी सामने आने लगे हैं। पिछले कुछ माह में शिमला पुलिस ने शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रांे में कई बड़े नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। इन गैंग के सैंकड़ों सदस्यों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भी पहुंचाया है।
सबसे अधिक चौंकाने वाला गिरोह संदीप शाह का सामने आया था। जिसमें कई सरकारी अधिकारी भी संलिप्त पाए गए थे। पुलिस ने संदीप शाह गैंग में 100 से अधिक लोगांे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। यह गैंग छोटी उम्र के युवाओं से नशा तस्करी करवाता था।