#विविध
February 25, 2025
हिमाचल: सड़क पर पलटी कार, तो मदद को दौड़ पड़े MLA हंसराज, घायलों को निकाला बाहर
चंडीगढ़ जा रहे थे भाजपा विधायक, रास्ते में की घायलों की मदद
शेयर करें:
चंबा/ सोलन। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें कई लोगों की जानें जा रही हैं। ऐसा ही एक सड़क हादसा आज हिमाचल के सोलन जिला के कुमारहट्टी के पास हुआ है। यहां एक पर्यटक वाहन एक तीखे मोड़ पर अचानक से पलट गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उसी समय भाजपा के विधायक हंसराज भी वहां से गुजर रहे थे। सड़क पर हुए इस हादसे को देख कर उन्होंने तुंरत अपना वाहन रूकवाया और घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। इस हादसे में वाहन में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि हिमाचल के चंबा जिला के चुराह के भाजपा विधायक हंसराज अपने वाहन से चंडीगढ़ जा रहे थे। इसी बीच उनके आगे आगे एक पर्यटक वाहन भी चल रहा था। जैसे ही विधायक का वाहन कुमारहट्टी के पास पहुंचा तो अचानक उनके आगे चल रहा पर्यटक वाहन तेज रफ्तार होने के चलते एक तीखे मोड़ पर पलट गया।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने परिवार सहित किया महाकुंभ स्नान, जयराम बोले- 'देर आए दुरुस्त आए'
वाहन को पलटता देख, भाजपा विधायक हंसराज ने अपने वाहन को रूकवाया और तुरंत ही पलटी गाड़ी में लोगों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान विधायक ने खुद दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। विधायक को देख कर स्थानीय लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे। जिन्हें इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं।
बता दें कि भाजपा विधायक हंसराज ने ना सिर्फ घायलों को सुरक्षित दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। बल्कि स्थानीय लोगों की मदद से पलटे वाहन को भी सीधा किया। विधायक हंसराज द्वारा किए गए इस नेक कार्य की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। बता दें कि हंसराज भारतीय जनता पार्टी के चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं।
भाजपा विधायक हंसराज ने लोगों खासकर बाहरी राज्यों से यहां घूमने आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है। यहां कब मौसम खराब हो जाए और कहां भूस्खलन हो जाए, कहा नहीं जाता। ऐसे में हिमाचल की सड़कों पर वाहन चलाते समय चालक विशेष ध्यान रखें और तेज रफ्तार से परहेज करें। वहीं उन्होंने आज लोगों से भी अपील की है कि कभी भी सड़क पर कोई ऐसा हादसा हो जाए तो तुरंत मदद के लिए आगे आएं, ताकि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके और उसकी जान बच सके।