#अपराध

January 8, 2026

हिमाचल: अपने सपनों के घर को संवारते छिन गई शख्स की जिंदगी, दो मासूम बच्चों का था पिता

दो मासूम बच्चों ने खो दिया पिता, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शेयर करें:

kangra Man fell from roof

गगल (कांगड़ा)। कभी-कभी रोज़मर्रा की ज़िंदगी के छोटे-छोटे काम भी ऐसी त्रासदी में बदल जाते हैं, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती। जिस घर को सुरक्षित और सुंदर बनाने का सपना एक व्यक्ति देख रहा होता है, वही सपना कभी.कभी उसकी आख़िरी कहानी बन जाता है। ऐसा ही कुछ कांगड़ा जिला में भी हुआ है।

 

यहां अपने घर को संवारने के चक्कर में एक व्यक्ति की जान चली गई। व्यक्ति की मौत से ना सिर्फ परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, बल्कि दो मासूम बच्चों के सिर से उनके पिता का साया भी उठ गया। इस हादसे में एक हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। मामला कांगड़ा जिला के पुलिस थाना गगल के तहत आते सहौड़ा गांव का है।

घर को संवारते नीचे गिर गया शख्स

गगल पुलिस थाना के तहत आते सहौड़ा में यह हादसा उस समय हुआ, जब व्यक्ति अपने घर की दूसरी मंजिल की छत पर आई पेड़ की टहनियों को काट रहा था। इसी दौरान वह अचानक संतुलन खोने से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नवीन कुमार निवासी सहौड़ा कांगड़ा के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूटी सवारों के पास मिला लाखों का चिट्टा और नगदी, घर में भी मिला नशे का भंडार

 

बताया जा रहा है कि टहनियां काटते अचानक वह दूसरी मंजिल की छत से सीधे नीचे जमीन पर पड़े पत्थरों पर जा गिरे। गिरने की आवाज़ सुनकर घर और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लग चुकी थीं। हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हालात नाज़ुक

परिजन बिना देरी किए नवीन को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन चोटें बेहद गहरी थीं। इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः अस्पताल में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खुले आसमान के नीचे लंगर चला रहे वेहले बॉबी, अस्पताल ने नहीं दी जगह- हाईकोर्ट ने लगाई फटकार

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नवीन कुमार की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। नवीन कुमार के घर में उसकी पत्नी, दो मासूम बच्चे एक बेटा और एक बेटी के अलावा बुजुर्ग माता.पिता हैं। जिन बच्चों के सपनों को पिता के सहारे उड़ान मिलनी थी, आज उनके सिर से वही साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल हाईकोर्ट फिर निशाने पर: ब*म से उड़ाने की मिली धमकी, मौके पर पुलिस-डॉग स्क्वॉड

इलाके में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख