#अपराध
May 4, 2025
हिमाचल : रात को खाना खाकर सोने चला गया युवक, सुबह कमरे का दरवाजा खुलते ही बेसुध हुई मां
दरवाजा खोलते ही परिजनों में मची चीख-पुकार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। राजधानी के शनान क्षेत्र में एक 22 साल के युवक ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी है। जवान बेटे की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि युवक शनान में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। परिजनों को बेटे का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला है। बेटे की मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बीती रात को खाना खाने के बाद सभी सोने के लिए चले गए। परिजन एक कमरे में सोए थे और युवक अपने कमरे में सोने चला गया। आज सुबह जब युवक की मां उसे जगाने के लिए उसके कमरे की ओर गई- तो उसका सामने से कोई जवाब नहीं आया।
ऐसे में मां उसके कमरे में उसे उठाने जाने लगी, लेकिन युवक ने दरवाजा अंदर से बंद किया हुआ था। मां ने कई बार दरवाजा खटखटाया और अपने लाडले को आवाज लगाई। मगर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। युवक की मां घबरा गई- उसने तुरंत अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया।
परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर दरवाजा तोड़ा और कमरे में घुसे। कमरे में घुसते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक की मां तो बेसुध हो गई। उन्होंने देखा कि कमरे में युवक फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारकर फर्श पर लिटा दिया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान विजय (22) पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद घर पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में लोगों को सूचित किया।
उधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही BNS की धारा 134 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
शुरुआती जांच में पुलिस टीम को मृतक के सिर्फ गले पर गहरे नीले रंग के निशान मिले हैं। मगर मौके पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस टीम ने पाया कि युवक ने कमरे में छत में लगे एक हुक पर फंदा बनाया था।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या क्यों की है। पुलिस टीम द्वारा मामले में हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।