#अपराध

April 13, 2025

हिमाचल: सरकारी सीमेंट की बर्बादी, नाले में फेंके 100 से अधिक बैग, जांच के आदेश

प्रधान ने कहा हमारे नहीं, उपप्रधान बोला हमारी पंचायत का है सीमेंट

शेयर करें:

Govt-Cement-salol-panchayat

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश एक तरफ जहां आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है। वहीं दूसरी तरफ पंचायतों में विकास कार्यों के लिए आया सरकारी सीमेंट को बर्बाद किया जा रहा है। मामला कांगड़ा जिला के विकास खंड कांगड़ा के तहत आती सलोल पंचायत का है। यहां 100 से भी अधिक सरकारी सीमेंट के बैग एक नाले में पड़े हुए मिले हैं। इनमें आधे से ज्यादा सीमेंट के बैग पत्थर बन चुके हैं, लेकिन कुछ सीमेंट बैग की हालत अभी ठीक भी है।

प्रधान और उप्रपधान के बयान नहीं खा रहे मेल

अब सबसे बड़ी बात यह है कि जिस पंचायत क्षेत्र में यह सरकारी सीमेंट के बैग मिले हैं, वहां के पंचायत प्रधान का कहना है कि यह सरकारी सीमेंट उनका नहीं है। लेकिन दूसरी तरफ उसी पंचायत के उपप्रधान ने स्वीकार किया है कि यह सरकारी सीमेंट के बैग हमारी पंचायत के ही हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि इतनी अधिक मात्रा में सरकारी सीमेंट की बर्बादी आखिर क्यों की गई। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्किड होकर HRTC बस के नीचे घुसी स्कूटी, देखने लायक नहीं बचा चालक का चेहरा

नहीं की लिखित शिकायत

वहीं इस संबंध में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। फिर भी विभाग अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रहा है और यह जानने का प्रयास कर रहा है कि आखिर यह सरकारी सीमेंट किसने फेंका है। मामले का खुलासा तब हुआ था, जब स्थानीय लोगों ने नाले में इस सरकारी सीमेंट को देखा था। जिसकी सूचना उन्होंने पंचायत प्रधान को दी थी। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पंचतत्व में विलीन हुए शहीद कुलदीप, पिता से लिपटकर खूब रोई बेटी


सूत्रों की मानें तो इसी पंचायत के संबंधित वार्ड पांच में डंगे और रास्ते के लिए सीमेंट पंचायत की तरफ से वार्ड सदस्य को दिया गया था। जिसका समय पर उपयोग नहीं किया गया और यह सीमेंट खराब हो गया। जिसके चलते इस सीमेंट को नाले में फेंक दिया गया। वार्ड पांच में चल रहा काम अभी भी अधूरा है। वहीं सलोल पंचायत की प्रधान पवना देवी ने कहा कि नाले में सरकारी सीमेंट के बैग किसने फेंके हैं, इसकी छानबीन की जा रही है। अगर सीमेंट हमारी पंचायत का पाया गया तो जिसने इस सीमेंट को फेंका है उसके खिलाफ कार्रवाई अमल लाई जाएगी। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर डोली धरती, क्या आपने महसूस किए भूकंप के झटके?

क्या कहती हैं पंचायत प्रधान

पंचायत प्रधान ने कहा कि कुछ लोग हम पर सीमेंट फेंकने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन ये आरोप सरासर गलत हैं। हमारे जो काम वार्ड.5 में चले थे वे पूरे हो गए हैं और हमारे गोदामों में कोई सीमेंट नहीं बचा था। वहीं कांगड़ा के खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पंचायत सचिव से इस मामले से संबंधित जानकारी मांगी गई है और इस मामले में किसी की तरफ से हमारे पास कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है। अगर कोई लिखित में शिकायत देता है, तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब ड्राइविंग लाइसेंस बनाना हुआ आसान, RTO जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत

एसडीएम ने दिए जांच के आदेश

वहीं इस बारे में एसडीएम कांगड़ा इंशात जसवाल ने बताया कि सलोल पंचायत के तहत पड़ते नाले में सरकारी सीमेंट मिलने का मामला सामने आया था। इसकी जांच के आदेश संबंधित खंड विकास अधिकारी को दे दिए गए हैं। मामले में जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख