#अव्यवस्था

October 19, 2025

लो जी.. अब हिमाचल में बनी सर्दी-खांसी की दवा के सैंपल भी हो गए फेल, बिक्री पर लगाया प्रतिबंध

चंबा के एक मेडिकल स्टोर से लिए थे दवा के सैंपल, बिक्री पर लगाई पूर्ण रोक

शेयर करें:

Cold and flu medicine

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। बड़ी बात यह है कि अब आम सर्दी खांसी जैसे रोगों में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। मामला तब सामने आया जब, चंबा जिला के सलूणी विकास खंड से दवाओं के सैंपल भरे गए। लेकिन इन सैंपल की रिपोर्ट मानकों पर खरी नहीं उतर पाई। यानी सर्दी, खांसी और बुखार जैसे आम लेकिन व्यापक प्रभाव वाले रोगों के इलाज में इस्तेमाल की जा रही एक लोकप्रिय टैबलेट अब मरीजों के लिए खतरा बन सकती है।

चंबा के सलूणी में लिए थे दवा के सैंपल

जिला चंबा के सलूणी विकास खंड से सैंपल के तौर पर ली गई "निमुरिस कोल्ड एंड फ्लू टैबलेट" की लैब रिपोर्ट में यह दवा गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरी। राज्य औषधि नियंत्रण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस दवा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: चालक ने किया आगाह, टोल कर्मी पर्ची कटवाने पर अड़ा रहा...फिर हुआ भीषण अ*ग्नि*कांड

बद्दी की फार्मा कंपनी को देंगे नोटिस

यह टैबलेट हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित एक फार्मा कंपनी द्वारा निर्मित की गई है। सैंपल रिपोर्ट फेल होने के बाद विभाग ने इस कंपनी को नोटिस जारी करने का फैसला लिया है। विभागीय अधिकारियों ने साफ किया है कि इस दवा की बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद की जाए और जो भी स्टॉक बाजार में या केमिस्ट के पास मौजूद है, उसे तुरंत कंपनी को वापस भेजा जाए।

क्या है मामला

कुछ दिन पहले दवा निरीक्षक की टीम ने सलूणी के जुवांस क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर औचक निरीक्षण किया। वहां से निमुरिस कोल्ड एंड फ्लू टैबलेट का बैच नंबर GT 027502 का सैंपल लेकर जांच के लिए कंडाघाट स्थित सरकारी औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच में यह टैबलेट दवा मानकों पर असफल पाई गई। जैसे ही यह रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हुई, अधिकारियों ने जिले भर के केमिस्टों को यह दवा तुरंत बिक्री से हटाने के आदेश जारी किए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ी 26 वर्षीय 'चिट्टा गर्ल', किराये के कमरे में साथी संग चला रही थी नशे का कारोबार

मरीजों की सेहत से समझौता नहीं

राज्य सहायक दवा नियंत्रक अनूप शर्मा ने बताया कि दवा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टैबलेट का सैंपल गुणवत्ता में फेल पाया गया है। यह कंपनी बद्दी की है, जिसे जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दवा की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल भाजपा अध्यक्ष के भाई को मिली जमानत, 25 वर्षीय युवती ने लगाए हैं नीचता के आरोप

नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो भी मेडिकल स्टोर इस आदेश की अवहेलना करता हुआ पाया गया, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग ने अन्य जिलों को भी सतर्क करते हुए निर्देश दिए हैं कि यदि इस दवा की बिक्री कहीं और हो रही हो तो उसे भी तत्काल बंद कराया जाए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली से पहले परिवार ने खो दिया 21 वर्षीय बेटा, पुलिस भर्ती में नहीं हुआ था सिलेक्ट

यह चिंता की बात क्यों है?

सर्दी.खांसी और बुखार की दवाएं आमतौर पर हर आयु वर्ग के लोग इस्तेमाल करते हैं, खासकर बदलते मौसम में। ऐसे में यदि कोई दवा गुणवत्ता में खामी लिए हो तो यह न केवल बीमारी ठीक करने में असमर्थ हो सकती है, बल्कि स्वास्थ्य को और नुकसान भी पहुंचा सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख