#हादसा
September 20, 2026
हिमाचल की काल बनकर दौड़ा बेकाबू ट्राला : 3 लोगों को मारी टक्कर, गाड़ियों को रौंदा; 1 की मौ**त
सान, बैरिकेड, गाड़ियों को तेज रफ्तार टिप्पर ने रौंदा
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में शनिवार रात कालाअंब स्थान पर अचानक सड़क पर ऐसा मंजर बना कि लोगों को कुछ समझने तक का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार ट्राला एक के बाद एक वाहनों और राहगीरों को अपनी चपेट में लेता हुआ आगे बढ़ता रहा।
कुछ ही देर में सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
मिली जानकारी के मुताबिक हरियाणा नंबर का ट्राला त्रिलोकपुर की तरफ से कालाअंब की ओर आ रहा था। रुचिरा के पास पहुंचते ही उसने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए।

इसके बाद ट्राला कालाअंब सब्जी मंडी के पास पहुंचा, जहां उसकी चपेट में एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्राला काफी तेज रफ्तार में था और कई जगह लोगों तथा वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ा।
हादसे के बाद चालक ने ट्राला रोकने के बजाय उसे हिमाचल-हरियाणा सीमा की ओर दौड़ा दिया। प्रवेश द्वार पर लगे बैरियर और बैरिकेड्स को तोड़ते हुए ट्राला हरियाणा की सीमा में दाखिल हो गया। इसके बाद भी वाहन की रफ्तार नहीं थमी।
![]()
हरियाणा में प्रवेश करने के बाद ट्राले की चपेट में एक ढाबा आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद असगरपुर क्षेत्र में भी कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है।
घटना की सूचना मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्राला चालक को पकड़ लिया। वहीं, कालाअंब पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हिमाचल पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है और हादसे से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है और बताया कि कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान तथा उनकी स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल हादसे की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्राला बेकाबू कैसे हुआ और चालक ने वाहन को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। साथ ही हिमाचल से हरियाणा तक ट्राले की गतिविधियों और रास्ते में हुए नुकसान का भी पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस जांच आगे बढ़ने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि हादसे में कुल कितने लोग घायल हुए और कितने वाहनों व संपत्ति को नुकसान पहुंचा।