शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले छह दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। खासकर अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। विभाग ने चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
आज इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज चंबा, मंडी और कांगड़ा जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर में यलो अलर्ट रहेगा। इन इलाकों में अचानक जलभराव, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड जैसी स्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का फरमान- 15 अगस्त को खुले रहेंगे स्कूल, बच्चों का आना भी अनिवार्य
31 जुलाई को इन जिलों में रहेगा अलर्ट
31 जुलाई यानी कल भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इस दिन चंबा और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
1 से 4 अगस्त तक राहत नहीं, लेकिन खतरा थोड़ा कम
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 अगस्त के बीच भी प्रदेश में बारिश जारी रहेगी। हालांकि इस अवधि में किसी भी जिले के लिए रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन चार दिनों के दौरान केवल यलो अलर्ट रहेगा, जिससे लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP के कद्दावर नेता का निधन : 3 बार रहे चुके विधायक- इलाके में शोक
मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 5% कम बारिश
1 जून से 28 जुलाई तक हिमाचल में सामान्य 339.7 मिमी के मुकाबले 322.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 5 प्रतिशत कम है। हालांकि किन्नौर, शिमला, चंबा, कुल्लू, सोलन, ऊना और बिलासपुर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। वहीं हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी और सिरमौर में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
ढली में भूस्खलन, वाहन को नुकसान
उधर, बुधवार शाम शिमला के ढली क्षेत्र में पहाड़ी से भूस्खलन हुआ, जिससे एक वाहन को हल्का नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
