शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। IMD ने राज्य में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 3 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
इसे देखते हुए विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए गए हैं। साथ ही लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें : पेपर लीक पर सियासी संग्राम : जयराम बोले- CM सुक्खू दें हिसाब, मित्रों ने खोल रखी हैं एजेंसियां
आज सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को सिरमौर जिले में बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।
कल इन जिलों में ज्यादा खतरा
30 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 545 करोड़ की सड़क....एक मानसून भी न टिक पाई, पहली बारिश में ही धंसी
3 अगस्त तक नहीं मिलेगी राहत
आईएमडी के अनुसार 31 जुलाई से 3 अगस्त तक भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान कई जिलों में लगातार यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में फिर से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मानसून सीजन में अब तक 6% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 28 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य वर्षा 330.9 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि इस बार 310.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के शक्तिपीठ में सनसनी : श्री नयनादेवी मंदिर के पास तालाब में मिली देह, जांच जारी
हर इलाके में बारिश
हालांकि जिला स्तर पर स्थिति अलग-अलग रही है। किन्नौर, शिमला, चंबा, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर और ऊना में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, लाहौल-स्पीति और सिरमौर में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।
