हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले ls एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बिझड़ी पुलिस चौकी लाया गया एक आरोपी मेडिकल करवाने ले जाते समय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने चौकी प्रभारी को जोरदार धक्का दिया और पुलिसकर्मियों के संभलने से पहले ही मौके से भाग निकला। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश में कई टीमें जुट गईं।
मामला हमीरपुर जिला के बड़सर का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की तलाश आखिरकार रंग लाई और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को डंगार के पास रोपड़ी क्षेत्र से पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई हैए जो नाई की दुकान चलाता है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल के लिए ले जाते समय बनाई भागने की योजना
जानकारी के अनुसार चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए अमित कुमार को बिझड़ी पुलिस चौकी लाया गया था। पुलिसकर्मी उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी बिझड़ी ले जाने की तैयारी में थे। सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी राजीव कुमार और महिला आरक्षी अनिता आरोपी को लेकर चौकी परिसर से बाहर निकले। इसी दौरान आरोपी ने पानी पीने की बात कही और वाटर कूलर की तरफ जाने लगा। पुलिसकर्मी शायद यह समझ नहीं पाए कि अगले कुछ ही सेकंड में आरोपी भागने की कोशिश कर सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दंपत्ति के बीच हुआ जमकर विवाद, गुस्साए पति ने पत्नी पर चला दिया चा**कू; खुद को भी नहीं बख्शा
पानी पीने का लगाया था बहाना
पानी पीने के बहाने आगे बढ़े आरोपी ने अचानक सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार को दोनों हाथों से जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से मनोज कुमार छाती के बल जमीन पर गिर गए और उनके बाजू व टांग में चोटें आईं। पुलिसकर्मी घायल अधिकारी को संभालने में जुटे, इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और विकास खंड कार्यालय बिझड़ी की दिशा में दौड़ लगा दी। देखते ही देखते आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर निकल गया। घटना की सूचना तत्काल उपमंडल पुलिस अधिकारी बड़सर को दी गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा: पार्ट टाइम जलवाहक और चतुर्थ श्रेणी कर्मी होंगे नियमित; आदेश जारी
चार घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के रास्तों, संपर्क मार्गों और संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय युवकों की भी मदद ली गई। हर संभावित रास्ते पर आरोपी को तलाशा गया। कई घंटे की भागदौड़ के बाद रात करीब 9:30 बजे पुलिस टीम ने रोपड़ी के पास डंगार क्षेत्र में आरोपी अमित कुमार को दबोच लिया। इस तरह करीब चार घंटे तक पुलिस को छकाने के बाद आरोपी दोबारा पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : गहरी खाई में समाई टैक्सी, एक साथ दो ड्राइवरों की मौके पर मौ**त
आरोपी के भागने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और हिरासत में लिए गए आरोपियों को संभालने के तरीके को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। चोरी जैसे मामले में पूछताछ के लिए पुलिस चौकी लाए गए आरोपी को मेडिकल के लिए ले जाते समय आखिर ऐसी स्थिति कैसे पैदा हुई कि वह पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया? सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के साथ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद उसे भागने का मौका कैसे मिल गया? हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया, लेकिन घटना ने पुलिस की सतर्कता और आरोपी को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने निखिल, परिवार की तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में फरार हुआ आरोपी पुलिस ने जल्द ही पकड़ लिया था। मामले में आगामी जांच जारी है।
