शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक ऐतिहासिक धार्मिक बदलाव देखने को मिला है। यहां रोहड़ू के नावर क्षेत्र स्थित प्राचीन मां द्रोटेश्वरी मंदिर में 150 साल पुरानी परंपरा को बदल दिया गया है। मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान पहली बार बलि प्रथा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया।

दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ हुआ संपन्न

दरोटी गांव में मां द्रोटेश्वरी के नवनिर्मित मंदिर में दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन किया गया। शनिवार को शिखा पूजन की रस्म के साथ यह धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। मंदिर कमेटी दरोटी के कारदार राजेश रांटा ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ शिखा पूजन की रस्म पूरी की गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 12वीं पास को मिल रही नौकरी : भरे जाएंगे 100 पद, एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल

150 साल बाद बंद हुई बलि प्रथा

इस धार्मिक आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि मंदिर में करीब 150 साल पुरानी बलि प्रथा को बंद कर दिया गया है। मंदिर कमेटी ने फैसला लिया है कि आने वाले समय में भी धार्मिक आयोजनों के दौरान बलि प्रथा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस बार पूरा धार्मिक आयोजन सात्विक तरीके से संपन्न करवाया गया।

देवता नारायण और मां द्रोटेश्वरी का हुआ भव्य मिलन

प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के पहले दिन देवता नारायण और मां द्रोटेश्वरी के साथ आए यात्रू भाइयों का भव्य मिलन हुआ। जानकारी के अनुसार, मां द्रोटेश्वरी के साथ दरोटी गांव से 25 यात्रू भाई पहली नवंबर को हरिद्वार गए थे। इसके बाद 19 नवंबर को वे मां द्रोटेश्वरी के साथ वापस दरोटी गांव पहुंचे। गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

 

यह भी पढ़ें : सुंदर सिंह को मंत्री ना बनाने पर बढ़ी सियासी खींचतान, विक्रमादित्य ने पोस्ट डाल वीरभद्र युग की दिलाई याद

दो दिनों में हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा

मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के पहले दिन यानी शुक्रवार को करीब 5 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे। वहीं, शनिवार को शिखा पूजन के दिन लगभग 4 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका और मां का आशीर्वाद लिया।

कांगड़ा के नगरकोट में है मां का प्रकट स्थान

बताया जाता है कि मां द्रोटेश्वरी का प्रकट स्थान नगरकोट यानी वर्तमान कांगड़ा में है। दरोटी गांव में आयोजित इस प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। दो दिनों तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और धार्मिक आयोजन सात्विक परंपरा के साथ संपन्न हुआ।