हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के दियोटसिद्ध में स्थित श्री बाबा बालकनाथ मंदिर में इन दिनों चल रहे चैत्र मेलों के दौरान आस्था का जबरदस्त माहौल देखने को मिल रहा है। दूर-दूर से श्रद्धालु बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंच रहे हैं और हर दिन यहां भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। 

एक ही दिन में 25 लाख रुपए से ज्यादा का चढ़ावा दर्ज

बता दें कि बीते शनिवार को तो भक्तों ने रिकॉर्ड तोड़ भेंट चढ़ाई, जहां एक ही दिन में 25 लाख रुपए से ज्यादा का चढ़ावा दर्ज किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से लेकर देर रात तक “जय बाबा बालकनाथ” के जयकारे गूंजते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूटी हटाने को कहा तो युवक ने बुलाए बाउंसर, HRTC कंडक्टर पर बरसाए लात-घूंसे

बकरों की नीलामी से हुई अच्छी खासी आय 

बाबा के दरबार में कुल 25,01,177 रुपए की आय दर्ज की गई। इसमें सबसे ज्यादा हिस्सा नकद चढ़ावे का रहा, जो करीब 16,84,077 रुपए रहा। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर दान भी किया और लगभग 6,80,400 रुपए अलग से अर्पित किए। वहीं, हर साल की तरह इस बार भी बकरों की नीलामी से मंदिर को अच्छी खासी आय हुई, जिससे करीब 1,36,700 रुपए जुटाए गए।

सोने चांदी की भेंट भी की अर्पित 

नकद के साथ-साथ भक्तों की आस्था सोना-चांदी के रूप में भी देखने को मिली। शनिवार की गणना में करीब 2 ग्राम 520 मिलीग्राम सोना और 64 ग्राम 480 मिलीग्राम चांदी चढ़ावे में मिली। यह दिखाता है कि श्रद्धालु बाबा के प्रति कितनी गहरी श्रद्धा रखते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार भेंट अर्पित कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : US-IRAN तनाव : हिमाचल के मेधावियों को झटका, नहीं मिल रहे लैपटॉप- टैबलेट; बढ़ी परेशानी

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु

मेले की खास बात यह भी है कि यहां सिर्फ हिमाचल या आसपास के राज्यों से ही नहीं, बल्कि देशभर और विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शनिवार को विदेशी मुद्रा भी चढ़ावे में शामिल रही, जिसमें 402 अमेरिकी डॉलर, 145 कनाडाई डॉलर, 125 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और 5 ब्रिटिश पाउंड के अलावा यूरो, यूएई दिरहम, मलेशियाई रिंगित और ओमान के रियाल जैसी कई देशों की करेंसी शामिल रही। इससे साफ है कि बाबा बालकनाथ में विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं की भी गहरी आस्था है।

15 हजार से 18 हजार दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु 

मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा। अनुमान के मुताबिक शनिवार को लगभग 15 हजार से 18 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बालकनाथ की पवित्र गुफा में दर्शन कर मन्नतें मांगीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें