#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल : स्कूटी हटाने को कहा तो युवक ने बुलाए बाउंसर, HRTC कंडक्टर पर बरसाए लात-घूंसे
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आज सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां जोगेंद्रनगर क्षेत्र में HRTC के एक बस परिचालक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि मारपीट करने वाले युवक किसी राजनीतिक पहुंच से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, अब इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, थुरल से आ रही निगम की बस जब एहजु के पास पहुंची। बस को पीछे करने के दौरान परिचालक ने वहां खड़े एक स्कूटी सवार युवक से अपनी गाड़ी थोड़ा पीछे करने को कहा। इसी बात पर युवक भड़क गया और बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने इसके बाद अपने दो साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्हें बाउंसर बताया जा रहा है। दोनों ने आते ही परिचालक पर हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में मौजूद सवारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह परिचालक को हमलावरों से छुड़ाया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में परिचालक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने सिर्फ स्कूटी हटाने को कहा था। उसने किसी तरह की बदतमीजी नहीं की थी- इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई।
इधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी महासंघ ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। महासंघ के मीडिया प्रभारी ललित ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष को दे दी गई है। साथ ही पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो निगम कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।