शिमला। देवी-देवताओं की धरती हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, प्राचीन मान्यताओं और अनूठी परंपराओं के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखती है। यहां आज भी कई ऐसे रीति-रिवाज और परंपराएं जीवित हैं, जिनका इतिहास सदियों पुराना है। पहाड़ों में पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही इन परंपराओं को लोग पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ निभाते हैं।
ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली परंपरा राजधानी शिमला के धामी क्षेत्र में देखने को मिलती है, जहां दिवाली के अगले दिन दीपों का त्योहार पत्थरों की बरसात के बीच मनाया जाता है। यहां दो टोलियां आमने-सामने खड़ी होकर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाती हैं। यह सिलसिला तब तक चलता है, जब तक किसी एक व्यक्ति को पत्थर लगने से खून न निकल आए। जैसे ही किसी के शरीर से खून निकलता है, पत्थरबाजी रोक दी जाती है और उसी रक्त से मां भद्रकाली को तिलक लगाया जाता है। इसके साथ ही सदियों पुरानी इस परंपरा का समापन होता है।
दिवाली के अगले दिन पत्थरों से गूंज उठती है धामी की घाटी
शिमला जिले के हलोग धामी में दिवाली के दूसरे दिन आयोजित होने वाला पत्थर मेला अपने आप में अनोखा है। सोमवार को भी धामी के चौरा नामक स्थान पर इस परंपरा को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया गया। घाटी के दोनों ओर जमोगी और कटेड़ू टोलियों के लोग एकत्र हुए। मंदिर में पूजा-अर्चना और माथा टेकने के बाद जैसे ही आयोजकों ने झंडा लहराकर संकेत दिया, दोनों ओर से पत्थर बरसने शुरू हो गए। कुछ ही पलों में शांत घाटी पत्थरों की आवाज और लोगों के शोर से गूंज उठी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की पहचान को निजी हाथों में देने की तैयारी! पीटरहॉफ होटल के मुद्दे पर सुक्खू सरकार घिरी
इस बार करीब 25 मिनट तक दोनों टोलियों के बीच पत्थरबाजी होती रही। दोपहर करीब 3:30 बजे शुरू हुआ यह खेल 3:55 बजे तक चला। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए दोपहर से ही हजारों की संख्या में लोग मौके पर जुटे हुए थे। ढोल-नगाड़ों की थाप और लोगों के उत्साह के बीच यह परंपरा अपने पारंपरिक अंदाज में निभाई गई।
खून निकलते ही थम गई पत्थरों की बरसात
इस बार पत्थर मेले के दौरान जमोगी टोली के महेश वर्मा को पत्थर लग गया। चोट लगने से उनके शरीर से खून निकला तो आयोजकों ने पत्थरबाजी रोकने का संकेत दिया। इसके बाद परंपरा के अनुसार महेश वर्मा के रक्त से चौरा स्थित मां भद्रकाली के मंदिर में तिलक किया गया। इस तरह देवी को रक्त का तिलक लगाने के बाद मेले का समापन हुआ। महेश वर्मा को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सभी सरकारी कर्मियों की छुट्टियां रद्द, अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
खास बात यह रही कि चोट लगने और परंपरा पूरी होने के दौरान भी वहां मौजूद लोगों का उत्साह बना रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। पत्थरबाजी के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बीच से गुजरने वाली सड़क पर वाहनों और पैदल लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी।
कभी नरबलि के नाम पर बहता था इंसानी खून
धामी के पत्थर मेले के पीछे एक ऐसी ऐतिहासिक मान्यता जुड़ी है, जो इसे और भी खास बना देती है। राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के अनुसार, सदियों पहले धामी रियासत में क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और राजपरिवार की सुरक्षा के लिए नरबलि देने की प्रथा प्रचलित थी। मान्यता थी कि देवी को मानव रक्त अर्पित करने से क्षेत्र में अनिष्ट टलेंगे और खुशहाली बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल कैडर के IPS अधिकारी पर जताया भरोसा, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बताया जाता है कि धामी रियासत की राजमाता इस अमानवीय प्रथा के सख्त खिलाफ थीं। उन्होंने नरबलि बंद करवाने का विरोध किया। इसके बाद नरबलि की जगह भैंस की बलि देने की परंपरा शुरू हुई। हालांकि, समय के साथ क्षेत्र में कई अनिष्ट और आपदाएं आने की मान्यताएं जुड़ने लगीं। ऐसे में कुछ लोग फिर से नरबलि शुरू करने की मांग करने लगे, लेकिन रानी इसके लिए तैयार नहीं हुईं।
रानी ने सुझाया पत्थर मेले का विकल्प
मान्यता के अनुसार, नरबलि की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने के लिए रानी ने एक अलग रास्ता सुझाया। उन्होंने कहा कि इंसान की जान लेने के बजाय दो पक्षों के बीच पत्थरों का खेल आयोजित किया जाए। इसमें दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकेंगे और जिस व्यक्ति को चोट लगने से सबसे पहले खून निकलेगा, उसी रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया जाएगा। इस तरह किसी की बलि दिए बिना रक्त अर्पित करने की परंपरा शुरू हुई।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' संग मनाई दिवाली, मिठाइयां बांटी-पटाखे चलाए
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पत्थर मेले का सुझाव देने के बाद रानी शारदा चौराहे के पास सती हो गई थीं। कहा जाता है कि नरबलि की प्रथा को लेकर वह बेहद आहत थीं और इसी कारण उन्होंने अपनी जान दे दी। हालांकि, यह पूरा इतिहास स्थानीय परंपराओं और राजपरिवार से जुड़ी मान्यताओं के आधार पर बताया जाता है।
जमोगी और कटेड़ू टोली के बीच होता है मुकाबला
धामी का पत्थर मेला दो प्रमुख पक्षों के बीच आयोजित होता है। एक ओर जमोगी खानदान की टोली होती है, जबकि दूसरी ओर राजपरिवार से जुड़े तुनड़ू, जठौती और कटेड़ू परिवारों के लोग पत्थरबाजी में हिस्सा लेते हैं। दोनों पक्ष घाटी के अलग-अलग किनारों पर एकत्र होते हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद झंडा लहराकर खेल शुरू करने का संकेत दिया जाता है।
इस आयोजन का केंद्र चौरा गांव में बना सती स्मारक और उसके आसपास का क्षेत्र रहता है। मेले की शुरुआत से पहले धामी के राजा की हवेली में स्थित नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना की जाती है। राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह ने बताया कि इस आयोजन में कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से शामिल होता है और किसी को भी पत्थर मेले में हिस्सा लेने के लिए बाध्य नहीं किया जाता।
कोरोना काल में भी नहीं टूटने दी परंपरा
धामी के पत्थर मेले की एक और खास बात यह है कि कोरोना महामारी के दौरान भी इस परंपरा का सिलसिला नहीं टूटने दिया गया। उस समय सार्वजनिक आयोजनों और भीड़ जुटाने पर पाबंदियां थीं। राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के अनुसार, उस दौर में लोगों की भागीदारी सीमित रही, लेकिन उन्होंने पुजारियों के साथ मिलकर अपने रक्त से मां भद्रकाली का तिलक कर परंपरा को जारी रखा। यानी आयोजन का स्वरूप भले ही बदल गया, लेकिन सदियों पुरानी मान्यता को निभाने का सिलसिला जारी रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली खत्म होते ही निकली सैंकड़ों पदों पर भर्ती, जानें कितना मिलेगा वेतन
पृथ्वीराज चौहान के वंशजों से जुड़ी है धामी रियासत की कहानी
धामी रियासत का इतिहास भी काफी पुराना और गौरवशाली बताया जाता है। स्थानीय ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, यहां का राजपरिवार दिल्ली के राजा पृथ्वीराज चौहान के वंश से जुड़ा रहा है। करीब 73 वर्ग किलोमीटर में फैली इस रियासत की राजधानी हलोग थी। हलोग और धामी क्षेत्र में आज भी पुराने महलों और ऐतिहासिक इमारतों के अवशेष देखे जा सकते हैं। राजपरिवार के इतिहास में राजा दलीप सिंह और राजा प्रताप सिंह का भी उल्लेख मिलता है।
सदियों पुरानी मान्यता आज भी लोगों को खींच लाती है धामी
आधुनिक दौर में जहां त्योहारों को मनाने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, वहीं धामी का पत्थर मेला आज भी अपनी पुरानी पहचान के साथ कायम है। हर साल दिवाली के अगले दिन हजारों लोग इस अनोखी परंपरा को देखने पहुंचते हैं। किसी के लिए यह आस्था का विषय है, तो किसी के लिए हिमाचल की प्राचीन संस्कृति और इतिहास को करीब से जानने का अवसर। पत्थरों की बरसात, ढोल-नगाड़ों की गूंज और मां भद्रकाली के रक्त तिलक के साथ संपन्न होने वाला यह आयोजन धामी को प्रदेश की सबसे अनोखी लोक परंपराओं में शामिल करता है।
