धर्मशाला। आज के बदलते परवेश में बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे रह रही है। बावजूद इसके आज भी ज्यादातार लोग बेटों को ही तरजीह देते हैं। बेटों के जन्म पर परिवार में खुशियां मनाई जाती है, जबकि बेटी के जन्म पर उनके चेहरे पर मायूसी छा जाती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे परिवार के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने घर में बेटी के जन्म पर कुछ ऐसा कर दिया, जिसे पढ़ कर आप हैरान हो जाएंगे। हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में एक श्रद्धालु ने घर में बेटी के पैदा होने पर मंदिर में 21 किलो का चांदी का छत्र चढ़ाया है। यह श्रद्धालु दिल्ली का रहने वाला है। जबकि मंदिर में उनके द्वारा चढ़ाए गए छत्र की कीमत करीब 15 लाख है। बेटी के जन्म की खुशी इस श्रद्धालु दंपति के चेहरे पर देखते ही बन रही थी।
दिल्ली के श्रद्धालु ने बेटी के जन्म पर चढ़ाया 21 किलो चांदी का छत्र
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के श्रद्धालु दविंद्र भल्ला ने बताया कि उन्होंने शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में मां से बेटी की मन्नत मांगी थी। उन्होंने बताया कि मां के आशिवार्द से उनके उनकी मन्नत पूरी हो गई। जिसके चलते वह आज अपने पूरे परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और यहां 21 किलो चांदी का छत्र चढ़ाया।महामाई के जयकारों से गूंजा ज्वालामुखी मंदिर
वहीं दिल्ली से आई श्रद्धालु प्रिया ने बताया कि उन्होंने मां से मन्नत मांगी थी कि उनकी मुराद पूरी हो जाएगी तो वह मंदिर में मां के चरणों में 21 किलो का छत्र चढ़ाएंगे। आज जब उन्होंने मां के दरवार में छत्र चढ़ाया तो पूरा मंदिर मां के जयकरों से गूंज उठा।मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालुओं को भेंट की माता की चुनरी व सिरोपा
ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी संदीप शर्मा ने इस दौरान सभी श्रद्धालुओं से विधिवत पूजा अर्चना करवाई और उन्हें माता की चुनरी व सिरोपा भेंट किया। उन्होंने कहा कि मां ज्वाला सभी की मनोकामना पूर्ण करती है। संदीप शर्मा ने बताया कि श्रद्धालु ने अपनी खुशी से मंदिर में 21 किलो चांदी का छत्र चढ़ाया है।
