मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला स्थित सुंदरनगर उपमंडल में बुधवार का दिन दो परिवारों के लिए ऐसा जख्म छोड़ गया, जिसे शायद समय भी आसानी से नहीं भर पाएगा। अलग-अलग पंचायतों की दो बेटियां, जिनकी जिंदगी सामान्य ढंग से चल रही थी, अचानक घर पर बीमार पड़ीं और कुछ ही घंटों में मौत की खबर बन गईं।
हैरानी की बात यह है कि दोनों मामलों में घटनाक्रम लगभग एक जैसा रहा। अचानक तबीयत बिगड़ना, अस्पताल ले जाना, फिर एम्स बिलासपुर रेफर होना और उपचार के दौरान मौत। अब इन दोनों मौतों ने पूरे इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएंगे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 6 दिन तक बारिश के आसार; कई जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का अलर्ट
दो पंचायतों में पसरा मातम
पहला मामला ग्राम पंचायत चमुखा के पटियाला गांव का है। यहां 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। बुधवार शाम उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।
दूसरी युवती की भी गई जान
इसी तरह दूसरा मामला ग्राम पंचायत चनोल के चनोल गांव का है। यहां 23 वर्षीय युवती की भी घर पर अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी एम्स बिलासपुर भेजा गया। लेकिन बुधवार देर रात उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की लॉटरी के नियम तैयार, 3 माह में पहला ड्रा; 5 करोड़ के इनाम को कितने में मिलेगा टिकट
फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा रहस्य
DSP भारत भूषण ने बताया कि दोनों युवतियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों मामलों में बिसरा सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं। इन्हें जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों मौतें किन परिस्थितियों में हुईं और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
इलाके में चर्चा, रिपोर्ट का इंतजार
एक ही दिन में दो अलग-अलग पंचायतों की दो युवतियों की मौत ने पूरे सुंदरनगर क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों और परिजनों की निगाहें अब फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि फिलहाल इन दोनों मौतों के पीछे की वजह एक रहस्य बनी हुई है।
