चंबा। हिमाचल प्रदेश में स्कूल-कॉलेज जाने वाली युवतियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन सामने आ रही छेड़छाड़ और पीछा करने जैसी घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर पढ़ाई के लिए घर से निकलने वाली बेटियां रास्ते में कितनी सुरक्षित हैं। इसी बीच चंबा जिला से सामने आया एक दिल दहला देने वाला मामला चिंता बढ़ाने वाला है।

 

पुलिस थाना सदर चंबा के तहत एक कॉलेज छात्रा ने एक व्यक्ति पर रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसे सड़क से नीचे गिराने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

रास्ता रोक की बदतमीजी, कमर में डाला हाथ

पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि वह शनिवार को रोजाना की तरह कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नवीन कुमार निवासी मसरूंड कथित तौर पर उसके पास आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा के अनुसार उसने जब आरोपी को ऐसा करने से रोका तो उसने कथित तौर पर बदतमीजी शुरू कर दी। आरोप है कि व्यक्ति ने उसका रास्ता रोक लिया और गलत इरादे से उसकी कमर पकड़ ली। 

 

यह भी पढ़ें : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोका जयराम ठाकुर का काफिला, काले झंडे दिखाए - जमकर की नारेबाजी; जानें क्यों

 

बचाव की कोशिश की तो सड़क से नीचे फेंका

पीड़ित छात्रा ने खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया, तो दरिंदे ने क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे सड़क से नीचे खाई की तरफ फेंक दिया। इस खौफनाक हमले में छात्रा के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह एक निजी क्लीनिक पहुंचकर अपना प्राथमिक उपचार करवाया और फिर परिजनों के साथ पुलिस थाना सदर पहुंचकर आपबीती सुनाई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की युवती को फौजी ने फंसाया- कई बार लूटी आबरू, पुलिस ने यूनिट से दबोचा

पहले भी करता था पीछा, डर के मारे चुप थी छात्रा

पुलिस को दिए अपने बयान में छात्रा ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि आरोपी नवीन कुमार काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और उस पर बुरी नजर रखता था। हालांकि, डर और लोक-लाज के कारण छात्रा ने पहले कभी इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिसके चलते आरोपी के हौसले बुलंद हो गए और उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 32 साल के युवक की ह**त्या! मा..रपीट के बाद तोड़ा दम; पिता ने 3 युवकों पर लगाए आरोप

पुलिस ने कड़ी धाराओं में दर्ज किया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सदर चंबा ने छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी नवीन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 74 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 28 साल की विवाहिता ने म*रने से पहले किया पति के जुल्मों का खुलासा; मां के लिए तड़प रहे दो मासूम

 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी रोष है और वे आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।

डर के कारण चुप्पी नहीं, समय पर शिकायत जरूरी

इस घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि छात्रा के अनुसार आरोपी पहले भी उसका पीछा करता था, लेकिन उसने डर के कारण शिकायत नहीं की। ऐसे मामलों में समय रहते पुलिस या परिवार को जानकारी देना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। किसी भी लड़की या महिला को यदि कोई व्यक्ति लगातार परेशान कर रहा है, पीछा कर रहा है या रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार कर रहा है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय परिवार और पुलिस को इसकी जानकारी देना जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें