मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां घर से ड्यूटी पर निकले व्यक्ति की दूसरे दिन घर से कुछ ही दूरी पर लाश मिली है। व्यक्ति की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक व्यक्ति जल शक्ति विभाग का कर्मचारी था। व्यक्ति की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं मृतक के नाक से बहता खून इस मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है।

घर से ड्यूटी पर निकला था शख्स

मिली जानकारी के अनुसार मामला मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र का है। यहां अलसेड में रहने वाला 44 वर्षीय जलशक्ति विभाग का कर्मचारी रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। दिनभर के बाद जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही, जिसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आधी रात दहका तीन मंजिला भवन, लपटों में घिरे मासूम बच्ची सहित पति-पत्नी; मची चीख पुकार

पूरी रात की तलाश, सुबह मिला शव

परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर उसका शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर मिले शव की हालत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक की नाक से खून बह रहा था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। वहीं उसका मोबाइल फोन भी पास ही मिला, जो जांच के लिए अहम कड़ी साबित हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस का बिगड़ेगा गणित: 71 ब्लॉक अध्यक्षों में मुस्लिम समाज 'जीरो', सोसायटी ने दी चेतावनी

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस अचानक हुई मौत से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर का कमाने वाला सदस्य यूं अचानक चला जाने से परिजन सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें