कुल्लू। प्यार जब सनक बन जाए तो वह कितना खौफनाक रूप ले सकता हैए इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली मिसाल हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में देखने को मिली। यहां बेटी का रिश्ता ठुकराए जाने से बौखलाए एक सिरफिरे आशिक ने पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मार डालने की साजिश रच डाली। आधी रात के सन्नाटे में उसने लड़की के घर में आग लगा दी, ताकि सोता हुआ परिवार लपटों में घिर जाए। गनीमत यह रही कि पड़ोसियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और परिवार की जान बच गई।

आनी उपमंडल में वारदात से सनसनी

इस पूरी घटना की पटकथा एकतरफा जुनून और बदले की भावना से लिखी गई थी। यह सनसनीखेज घटना हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी उपमंडल के तांदी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र का एक युवक एक लड़की से एक तरफा प्यार करता था। युवक लंबे समय से इस घर की बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने स्पष्ट शब्दों में रिश्ता देने से इनकार कर दिया, तो वह बदले की भावना से भर उठा। उसने कथित तौर पर पूरे परिवार को सबक सिखाने और जिंदा जलाने की नीयत से यह साजिश रची।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की धरती से जेपी नड्डा ने देश को दी बड़ी सौगात, लॉन्च की स्वदेशी "टीडी" वैक्सीन; जानें इसके फायदे

पहले दी धमकी, फिर रची साजिश

पीड़ित परिवार के मुखिया राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी युवक पंकज शर्मा लंबे समय से उनकी बेटी से शादी करने की जिद पर अड़ा था। जब राजेश कुमार और उनके परिजनों ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों और व्यवहार को देखते हुए रिश्ते का प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो पंकज ने इसे अपनी हार नहीं बल्कि अपमान माना। आरोपी ने दो दिन पहले ही राजेश को फोन कर अंजाम भुगतने और पूरे परिवार को खत्म करने की खौफनाक धमकी दी थी, लेकिन परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इतनी जल्दी इस हैवानियत पर उतर आएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: कार में जा रहा था शिक्षक, अचानक सड़क से 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी, उड़े परखच्चे

आरोपी ने घर में लगाई आग

शुक्रवार की रात जब राजेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ चैन की नींद सो रहे थे, तब आरोपी पंकज ने अंधेरे का फायदा उठाकर उनके घर को चारों तरफ से आग के हवाले कर दिया। वह चाहता था कि परिवार को बाहर निकलने का मौका न मिले। करीब 10रू30 बजे जब आग की लपटें विकराल रूप लेने लगीं, तो पास ही रहने वाली गुड्डी देवी की नजर उस पर पड़ी।

गुड्डी देवी ने बचाया परिवार

गुड्डी देवी ने शोर मचाकर न केवल परिवार को जगाया बल्कि गांव वालों को भी इकट्ठा कर लिया। शोर सुनकर हड़बड़ाहट में बाहर निकले परिवार के सदस्यों ने जब अपनी आंखों के सामने मौत का नाच देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंकज अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गयाए जिसे ग्रामीणों ने भागते हुए देखा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सामान ढुलाई कर रहा ट्रक खाई में समाया, चालक ने मौके पर तोड़ा दम- सदमे में परिवार

आग की लपटों ने राख कर दिया लाखों का सामान

इस अग्निकांड में घर के भीतर रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया। पुराने मकान के निर्माण के लिए रखी कीमती लकड़ी, सेब की पेटियां, प्लास्टिक सामग्री, ईंधन और बिजली से जुड़ा सामान आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की बड़ी पहल- गरीब बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार, हर महीने देगी इतने पैसे

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही लुहरी पुलिस चौकी और आनी थाना की टीमें सक्रिय हो गईं। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आगजनी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी पंकज की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा ताकि समाज में ऐसी सिरफिरी मानसिकता रखने वालों को कड़ा सबक मिल सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें