#हादसा
February 21, 2026
हिमाचल: कार में जा रहा था शिक्षक, अचानक सड़क से 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी, उड़े परखच्चे
गाड़ी के उड़े परखच्चे, अंदर सवार चमत्कारिक रूप से निकला सुरक्षित
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बनी सड़कों पर एक छोटी सी गलती भारी पड़ जाती है। शायद यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक सड़क हादसे होते हैं। यहां वाहन चालकों की तेज रफ्तार और एक छोटी सी लापरवाही कई लोगों की जान पर भारी पड़ जाती है। प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों के बीच अब एक ऐसा ही हादसा हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां एक शिक्षक की कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा कांगड़ा जिला के उपमंडल हरिपुर के देहरा ज्वाली सड़क मार्ग पर हुआ है। बताया जा रहा है कि शिक्षक कार में सवार होकर हरिपुर से गुलेर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अचानक से उन्होंने कार पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार सड़क से सीधे नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि चालक की जान बच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सामान ढुलाई कर रहा ट्रक खाई में समाया, चालक ने मौके पर तोड़ा दम- सदमे में परिवार
गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज सुन कर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल चालक को कार से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर पहुंचाया गया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अगर गाड़ी पुल से थोड़ा आगे की तरफ गिरती तो शायद एक जानी नुकसान हो सकता था।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की बड़ी पहल- गरीब बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार, हर महीने देगी इतने पैसे
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मौके पर मौजूद लोगों के अलावा घायल शिक्षक के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने वाहन चालक के बयान के आधार पर किसी तरह का कोई मामला दर्ज नहीं किया है। वहीं दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग के प्रति स्थानीय लोगों की नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि सड़क किनारे अगर पैरापिट लगाए होते तो यह हादसा नहीं होता।