मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के गोपालपुर में कॉलेज छात्रा सिया हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अपराधी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था, लेकिन पूछताछ के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। 

मानसिक स्थिति की होगी जांच 

इस मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। DSP संजीव गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी का इलाज जारी है और साथ ही उसकी मानसिक स्थिति की जांच भी करवाई जाएगी, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल दिवस पर CM ने बदला अपना ही फैसला- अब नहीं कटेगी अफसरों की सैलरी, दी बड़ी राहत

चचेरे भाई ने दी सिया को मुखाग्नि 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल मंगलवार को सिया का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। माहौल पूरी तरह गमगीन था और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सिया के चचेरे भाई दिव्यांश ने उसे मुखाग्नि दी। परिवार के लिए यह बहुत बड़ा सदमा है, क्योंकि सिया की तीन और बहनें भी हैं और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। 

आरोपी अपने पास रखता था दराट  

पुलिस जांच में कई अहम बातें सामने आ रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपने पास दराट (तेज धार वाला हथियार) रखता था। इसी दराट का इस्तेमाल उसने वारदात को अंजाम देने में किया गया, जिसे पुलिस ने अब बरामद कर लिया है। इससे साफ है कि हमला बेहद खतरनाक तरीके से किया गया था। 

यह भी पढ़ें : सरकाघाट छात्रा केस: आरोपी की मां बोली- बेटे को फां*सी की सजा भी मंजूर, परिवार सच के साथ

एक महिला ने देखी पूरी वारदात 

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना की एक महिला प्रत्यक्षदर्शी भी है, जिसने पूरी वारदात को अपनी आंखों से देखा। उसकी गवाही को केस में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।

लोगों पर भी कर दिया दराट से हमला 

घटना के बाद जब स्थानीय लोगों को इस वारदात का पता चला तो उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने वहां भी हिंसक रुख अपनाया और दराट से कुछ युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ लोग घायल भी हुए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में गुस्सा और डर दोनों का माहौल बना हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें